गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रक में पीछे से घुसी कार, दो घायल
-लहरावन के पास तड़के हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर

गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के लहरावन के निकट हुए सड़क हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों युवक अंदर फंसकर घायल हो गए। यूपीडा की एंबुलेंस ने घायलों को सीएचसी पर उपचार के लिए पहुंचाया। जहां दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल संभल रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान निखिल पुत्र अवधेश व निशांत वर्मा पुत्र सुनील वर्मा निवासी गवानी, जिला बरेली के रूप में हुई है।
हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। हादसे के बाद एजेंसी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया और यातायात सामान्य कराया गया। जानकारी के मुताबिक कार चालक आगे चल रहे ट्रक से सही दूरी नहीं बना सका, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


