दुल्हन और महिलाओं को लेकर संदिग्ध रास्ते पर भागा टैक्सी ड्राइवर, घेराबंदी कर बचाया

Feb 11, 2026 01:18 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संभल
share

Sambhal News - कस्बे के बाघऊ मार्ग पर एक टैक्सी चालक दुल्हन और उसके परिवार की तीन महिलाओं को संदिग्ध परिस्थितियों में लेकर फरार हो गया। महिलाओं के शोर मचाने पर परिजनों ने बाइक से पीछा किया, जिससे चालक ने कार छोड़कर भाग निकला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिवार ने पुलिस में तहरीर दी।

दुल्हन और महिलाओं को लेकर संदिग्ध रास्ते पर भागा टैक्सी ड्राइवर, घेराबंदी कर बचाया

कस्बे के बाघऊ मार्ग पर मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब शादी की खुशियों के बीच एक टैक्सी चालक दुल्हन और परिवार की तीन महिलाओं को लेकर संदिग्ध परिस्थितियों में फरार होने लगा। आभूषणों से लदी महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर परिजनों और राहगीरों ने फिल्मी अंदाज में बाइक से पीछा किया, जिसके बाद चालक कार छोड़कर भाग निकला। बाघऊ मार्ग निवासी विशाल कुमार की चचेरी बहन छवि का विवाह बुधवार को है। रिश्तेदारों के आवागमन के लिए विशाल ने थाने के पास टैक्सी स्टैंड से चालक तरन सिंह की ओरा कार तीन दिन के लिए बुक की थी। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे छवि परिवार की तीन महिलाओं के साथ हयातनगर में आयोजित गोद भराई समारोह में शामिल होने के लिए निकलीं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

समारोह के कारण महिलाओं ने सोने के आभूषण पहन रखे थे। परिजनों ने बताया कि कस्बे से निकलने के कुछ ही देर बाद चालक ने कार की गति असामान्य रूप से बढ़ा दी और दिशा राजघाट रोड की ओर मोड़ दी। आशंका होने पर कार में बैठी महिलाओं ने शोर मचाया। पीछे आ रहे परिजन बाइक से कार के पीछे लग गए। शोर सुनकर राहगीर भी दोपहिया वाहनों से पीछा करने लगे। लगातार पीछा होता देख चालक ने कार सड़क किनारे रोक दी और भाग निकला। महिलाओं को सुरक्षित उतार लिया गया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए। परिजनों ने दी तहरीर, कार्रवाई की मांग परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस की प्रतिक्रिया को लेकर नोकझोंक हुई। बाद में विशाल कुमार ने चालक के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। सीओ गुन्नौर आलोक कुमार सिद्धू ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिली है। तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना ने शादी वाले घर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। परिजन मान रहे हैं कि सतर्कता और लोगों की तत्परता से बड़ी अनहोनी टल गई।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।