
अज्ञात कार की टक्कर से बेसहारा गोवंश की मौत, घंटों तड़पता रहा घायल पशु
Sambhal News - मंगलवार देर शाम पवांसा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बेसहारा गोवंश की मौत हो गई। एक अज्ञात कार ने गोवंश को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर गया। उपचार न मिलने के कारण गोवंश की मौके पर ही मृत्यु हो गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से उचित प्रबंधन की मांग की है।
विकासखंड पवांसा कार्यालय के पास मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बेसहारा गोवंश की मौत हो गई। बहजोई की ओर से आ रही एक अज्ञात कार ने सड़क पर घूम रहे गोवंश को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि गोवंश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे जा गिरा। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। ब्लॉक पवांसा कार्यालय के सामने स्टेट बैंक के पास खाली पड़ी जमीन पर अक्सर बेसहारा पशु बैठे रहते हैं। शाम होते ही ये पशु सड़क पर आ जाते हैं। जिससे आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है।
लोगों के अनुसार हादसे के बाद घायल गोवंश काफी देर तक सड़क किनारे तड़पता रहा, लेकिन समय पर पशु चिकित्सा या उपचार की कोई व्यवस्था नहीं हो सकी। उपचार न मिलने के कारण गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई। रात भर मृत गोवंश का शव सड़क किनारे पड़ा रहा। जिसे कुत्ते और कौवे नोचते रहे। बुधवार दोपहर ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्राम पंचायत सचिव को दी। इसके बाद जेसीबी मशीन मंगवाकर शव को नियमानुसार दफन कराया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने प्रशासन से बेसहारा पशुओं के उचित प्रबंधन, गौवंश को सुरक्षित स्थानों पर रखने और सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। खंड विकास अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में गोवंश की मौत की सूचना मिलते ही पंचायत स्तर से कार्रवाई करते हुए उसका अंतिम संस्कार करा दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




