State-Level DAV Sports Event Concludes at Babarala School with Athletic Excellence अंडर-14 में सौम्या यादव बनीं चैंपियन, Sambhal Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsSambhal NewsState-Level DAV Sports Event Concludes at Babarala School with Athletic Excellence

अंडर-14 में सौम्या यादव बनीं चैंपियन

Sambhal News - कस्बा बबराला के डीएवी फर्टिलाइजर पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय राज्यस्तरीय डीएवी स्पोट्स का आयोजन हुआ। बालिका वर्ग का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। एथलेटिक्स में डीएवी खड़िया ने ओवरऑल विजेता का...

Newswrap हिन्दुस्तान, संभलThu, 9 Oct 2025 02:37 AM
share Share
Follow Us on
अंडर-14 में सौम्या यादव बनीं चैंपियन

कस्बा बबराला के डीएवी फर्टिलाइजर पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय राज्यस्तरीय डीएवी स्पोट्स का आयोजन किया गया। बुधवार को बालिका वर्ग का भव्य समापन हुआ। तीन दिन तक चली प्रतियोगिता में बालिकाओं ने अनुशासन, उत्साह और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने विद्यालयों का गौरव बढ़ाया। अंतिम दिन का वातावरण उल्लास, रोमांच और राष्ट्रीय भावना से परिपूर्ण रहा। एथलेटिक्स प्रतियोगिता में डीएवी खड़िया ने ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि डीएवी गेल उपविजेता रही। अंडर-14 वर्ग में विजेता डीएवी गेल और उपविजेता डीएवी वाराणसी, अंडर-17 वर्ग में विजेता डीएवी गेल और उपविजेता डीएवी खड़िया रही, अंडर- 19 वर्ग में विजेता डीएवी खड़िया और उपविजेता डीएवी कुमारगंज रहीं।

सर्वश्रेष्ठ एथलीट के रूप में अंडर-14 वर्ग से सौम्या यादव डीएवी बबराला, अंडर-17 वर्ग से दिया कुमारी डीएवी गेल, अंडर-19 वर्ग से नीतू सिंह डीएवी खड़िया को सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों की लगन और उत्साह ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। टूर्नामेंट चैंपियंस के रूप में क्लस्टर-3 एवं 4 घोषित हुए, जबकि क्लस्टर-1 एवं 2 प्रथम रनर-अप रहे। डीएवी बबराला के चेयरमैन एमएस प्रसाद ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं जीवन का उत्सव हैं। सुरक्षा, अनुशासन और भागीदारी ही सच्ची जीत का प्रतीक है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य आनंद स्वरूप सारस्वत ने कहा कि खेल अनुशासन, धैर्य और टीम-स्पिरिट को प्रकट करते हैं। जो एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण की नींव हैं। अंत में क्रीड़ा ध्वज को ससम्मान क्रीड़ा शिक्षिकाओं सुमन कुमारी और सतीश सिंह को सौंपा गया। इस अवसर पर खेल अधिकारी प्रमिला भारती, डीएवी बागपत के प्रधानाचार्य प्रवेश कुमार, डीएवी हापुड़ के प्रधानाचार्य विनीत त्यागी, यारा फर्टिलाइजर्स के वरिष्ठ पदाधिकारी आदि मौजूद रहे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।