
बाल-बाल बचे सिटी मजिस्ट्रेट, बेकाबू बस ने किया ओवरटेक
Sambhal News - गुरुवार को एक तेज रफ्तार निजी बस ने शहर में बड़ा हादसा टाल दिया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बस का पीछा कर उसे पकड़ा और चालक का लाइसेंस सीज कर दिया। अधिकारियों ने ओवरस्पीडिंग और लापरवाह वाहन संचालन के खिलाफ...
तेज रफ्तार निजी बस ने गुरुवार को शहर में बड़ा हादसा होने से टाल दिया। बस की लापरवाही से सिटी मजिस्ट्रेट का वाहन और कई बाइक सवार बाल-बाल बचे। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। मामला सामने आते ही सिटी मजिस्ट्रेट ने खुद हिम्मत दिखाते हुए बस का पीछा किया और हयात नगर से लेकर चौधरी सराय चौराहे तक करीब 5 किलोमीटर दौड़ाकर वाहन को पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, आल इंडिया परमिट पर संचालित बस (संख्या UP38 AT 8314) बहजोई से दिल्ली के बीच चलती है। गुरुवार शाम को यह बस बेकाबू रफ्तार में सड़क पर दौड़ रही थी।

अचानक सिटी मजिस्ट्रेट के वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में हादसा होते-होते बचा। इस दौरान कई बाइक सवार भी बस की चपेट में आने से बचे। बस को पकड़ने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर कार्रवाई करते हुए बस को सीज कर मंडी में खड़ा कराया और चालक का लाइसेंस एआरटीओ को भेज दिया। एआरटीओ ने भी तत्परता दिखाते हुए ड्राइवर का लाइसेंस तत्काल सीज कर दिया। अधिकारियों ने साफ कहा है कि सार्वजनिक सड़कों पर ओवरस्पीड और लापरवाह वाहन संचालन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बस ऑपरेटर और ड्राइवरों को चेतावनी दी गई है कि नियमों का पालन न करने पर ऐसी ही कड़ी कार्रवाई होगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन निजी बसों के चालक हाईवे और कस्बाई क्षेत्रों में खतरनाक रफ्तार से वाहन दौड़ाते हैं, जिससे सड़क पर चलने वाले राहगीरों और बाइक सवारों की जान पर संकट मंडराता रहता है। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन नियमित रूप से ऐसी बसों की जांच कर कार्रवाई करे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


