Hindi NewsUttar-pradesh NewsSambhal NewsSpeeding Overloaded Dumper Causes Two Accidents in Pawanasa Injures Biker and Kills Horse
डंपर ने पहले बाइक फिर बुग्गी को मारी टक्कर, घोड़ी की मौत, युवक गंभीर

डंपर ने पहले बाइक फिर बुग्गी को मारी टक्कर, घोड़ी की मौत, युवक गंभीर

संक्षेप:

Sambhal News - पंवासा-चंदौसी मार्ग पर तेज रफ्तार और ओवरलोड मिट्टी से भरे डंपर ने दो अलग-अलग हादसे किए। एक युवक मुजम्मिल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी बाइक को डंपर ने टक्कर मारी। दूसरी घटना में डंपर ने बुग्गी को टक्कर मारकर घोड़ी की मौत कर दी। चालक फरार, पुलिस जांच कर रही है।

Dec 22, 2025 05:47 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संभल
share Share
Follow Us on

पवांसा। पंवासा-चंदौसी मार्ग पर तेज रफ्तार और ओवरलोड मिट्टी से भरे डंपर ने सोमवार को अलग-अलग जगह दो हादसों को अंजाम दिया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बुग्गी में जुती घोड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसों के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। थाना बहजोई क्षेत्र के पंवासा-चंदौसी रोड पर सोमवार को अनियंत्रित और तेज रफ्तार मिट्टी भरे डंपर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। डंपर की रफ्तार काफी तेज थी और वह ओवरलोड था। घायल की पहचान थाना हयातनगर क्षेत्र के गांव धुरेटा निवासी मुजम्मिल पुत्र मुशाहिद (20) के रूप में हुई है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

वह मजदूरी करने के लिए अपने गांव से सिहोरी जा रहा था। तभी चंदौसी की ओर से आ रहे मिट्टी भरे डंपर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को संभल के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया। इसी डंपर ने आगे जाकर पंवासा निवासी तेजपाल पुत्र शंभूनाथ की घोड़ा-बुग्गी को भी पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि घोड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसों के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और चालक व डंपर मालिक की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित तेजपाल ने डंपर चालक के खिलाफ तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार को लेकर भी कार्रवाई की जाएगी।