शॉर्ट सर्किट से दुकान में लगी आग

Feb 23, 2026 12:39 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संभल
share

Sambhal News - रविवार देर रात हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन मोहल्ले में एक परचून की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग से हजारों रुपये का सामान जल गया। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। कोई हताहत नहीं हुआ।

शॉर्ट सर्किट से दुकान में लगी आग

हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन मोहल्ले में रविवार देर रात एक परचून की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने से दुकान में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि, स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, सरायतरीन निवासी काशिफ की पुलिस चौकी के पास परचून की दुकान है। देर रात अचानक दुकान में रखे फ्रिज में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास रखा सामान भी चपेट में आ गया।

आग की लपटें उठती देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। पड़ोस के होटल संचालकों ने भी दुकान से सामान बाहर निकालने में सहयोग किया। स्थानीय लोगों की सक्रियता के चलते आग अन्य दुकानों तक नहीं फैल सकी। दुकानदार काशिफ ने बताया कि घटना के समय वह और उनका भाई दुकान पर ही मौजूद थे। शॉर्ट सर्किट के कारण फ्रिज में आग लगी, जिससे लगभग 15 से 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।