
संभल हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा की पैतृक संपत्ति की गई कुर्क
Sambhal News - जामा मस्जिद हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा पर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस और राजस्व विभाग ने उसके पैतृक घर पर कुर्की की कार्रवाई की। साठा दुबई में 'जंगी ऐप' के जरिए हिंसा भड़काने के आरोप में फरार है। उसके खिलाफ 69 मुकदमे दर्ज हैं और अब उसे भारत लाने की तैयारी हो रही है।
जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुई हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा पर प्रशासन ने शिकंजा और कस दिया है। बुधवार सुबह पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने भारी फोर्स के साथ दीपा सराय स्थित साठा के पैतृक घर पर कुर्की की कार्रवाई की। कोर्ट के आदेश पर मकान के उस एक चौथाई हिस्से को सील कर दिया गया, जिसमें साठा अपनी पत्नी के साथ रहता था। इस दौरान एसपी ने खुद मोर्चा संभाला और पूरे क्षेत्र की ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। गौरतलब है कि 24 नवंबर 2024 को हुई हिंसा के बाद कोतवाली पुलिस ने शारिक साठा के खिलाफ चार लोगों की हत्या के अलग-अलग मामले दर्ज किए थे।
वह सभी मामलों में फरार चल रहा है। दो हत्याओं के मामलों में उसके घर पर पहले ही कुर्की का नोटिस चस्पा हो चुका था। बीते वर्ष 30 नवंबर को हिंसा के शिकार अयान की मौत से जुड़े मुकदमे में भी उसके घर पर तीसरा उद्घोषणा नोटिस चस्पा किया गया, जिसकी मियाद पूरी होने पर न्यायालय ने 13 जनवरी को कुर्की के आदेश जारी किए थे। बुधवार सुबह तहसीलदार धीरेंद्र कुमार और एएसपी कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पांच थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी दीपा सराय पहुंची। सीओ ने ढोल पिटवाकर कोर्ट के आदेश की मुनादी कराई। पैतृक आवास के जिस हिस्से में साठा निवास करता था, उसे सील कर वहां रखा सारा सामान जब्त कर लिया गया। हालांकि, मकान के अन्य हिस्सों में रह रहे रिश्तेदारों को राहत देते हुए उन हिस्सों को छोड़ दिया गया है। दुबई से 'जंगी ऐप' के जरिए भड़काई थी हिंसा जांच में सामने आया था कि अंतरराष्ट्रीय वाहन चोर शारिक साठा ही संभल हिंसा का मुख्य सूत्रधार था। वह फर्जी पासपोर्ट के जरिए 2020 से ही दुबई में छिपा हुआ है। वहीं से उसने 'जंगी ऐप' के जरिए अपने गुर्गों गुलाम और मुल्ला अफरोज को निर्देश देकर संभल में हिंसा भड़काई थी। साठा पर हत्या सहित कुल 69 मुकदमे विभिन्न राज्यों में दर्ज हैं। पुलिस अब साठा के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की तैयारी में है, ताकि उसे विदेश से लाकर कानून के हवाले किया जा सके। साठा के खिलाफ 69 मुकदमे दर्ज हैं। वह जंगी ऐप से गुर्गों के संपर्क में था। परमानेंट वारंट जारी हो चुका है, अब रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराकर उसे जल्द भारत लाया जाएगा। कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी कोर्ट के आदेश पर दीपा सराय में कुर्की की गई है। इस मकान की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है, जिसके एक चौथाई भाग को कुर्क किया गया है। धीरेंद्र कुमार, तहसीलदार

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




