संभल जिला बार एसोसिएशन चुनाव संपन्न, शकील अहमद बने अध्यक्ष
Sambhal News - संभल जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चुनाव में शकील अहमद ने 167 वोट प्राप्त कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। अन्य पदों पर भी कड़ा मुकाबला हुआ। चुनाव के परिणामों के बाद बार परिसर में उत्सव का माहौल बना। शकील ने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया।

संभल। संभल जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव उत्साह और गहमागहमी के बीच संपन्न हो गए। मुंसिफ कोर्ट परिसर स्थित बार रूम में हुए चुनाव में अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। देर शाम घोषित परिणामों में एडवोकेट शकील अहमद ने 167 वोट प्राप्त कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। चुनाव प्रक्रिया अब्दुल रहमान, मोहम्मद शाहनवाज, लवकेश देवल और राजीव कुमार शर्मा की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सुबह 10 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे तक चला। इसके बाद 20 मिनट के अंतराल पर मतगणना प्रारंभ की गई और रात करीब 8 बजे अंतिम परिणाम घोषित किए गए।
अध्यक्ष पद के लिए शकील अहमद का मुकाबला अब्दुल जब्बार और नईम कुरैशी से था। अन्य पदों पर भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मुख्तार फातिमा ने 156 वोट पाकर जीत दर्ज की। सचिव पद पर सरफराज नवाज 182 वोटों के साथ विजयी रहे, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर सैयद फरोग अहसन ने 128 वोट प्राप्त कर जीत हासिल की। परिणाम घोषित होते ही बार परिसर में उत्साह का माहौल बन गया। समर्थकों और अधिवक्ता साथियों ने शकील अहमद को कंधों पर बैठाकर जुलूस निकाला और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। अपनी जीत के बाद अध्यक्ष शकील अहमद ने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत पूरी बार की एकजुटता की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे अधिवक्ताओं के सम्मान, अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे तथा बार की गरिमा और संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में प्राथमिकता के साथ कदम उठाएंगे। चुनाव संपन्न होने के साथ ही नई कार्यकारिणी के गठन से बार एसोसिएशन में नई ऊर्जा और सक्रियता की उम्मीद जताई जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


