नौतपा के पहले दिन ही गर्मी से बेहाल हुए संभल के लोग, 44 डिग्री के पार पहुंचा पारा
नौतपा की शुरुआत के साथ ही जिले में गर्मी ने तेज तेवर दिखाए हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस रहा। गर्म हवाओं के कारण लोग बाहर निकलने में मुश्किल महसूस कर रहे हैं। हालांकि, शाम को तेज आंधी और बारिश से कुछ राहत मिली, लेकिन इसके कारण यातायात पर असर पड़ा।

नौतपा की शुरुआत के साथ ही जिले में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को दिनभर चली गर्म हवाओं और तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। भीषण गर्मी के चलते दोपहर होते-होते सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसर गया। लू के थपेड़ों के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार से शुरू हुए नौतपा के पहले ही दिन सुबह आसमान में हल्के बादल दिखाई दिए। जिससे लोगों को मौसम में बदलाव और राहत की उम्मीद जगी। हालांकि जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, सूरज की तपिश बढ़ती चली गई और तेज धूप ने लोगों को परेशान कर दिया। दोपहर के समय शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और सड़कों पर आम दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी। सबसे ज्यादा दिक्कत बाइक सवारों, रिक्शा चालकों और दिहाड़ी मजदूरों को उठानी पड़ी। गर्म हवाओं के चलते लोग सिर और चेहरा ढककर निकलने को मजबूर नजर आए। कई स्थानों पर राहगीर पेड़ों और दुकानों की छांव में राहत तलाशते दिखाई दिए। भीषण गर्मी का असर घरों के अंदर भी महसूस किया गया। कूलर और पंखे राहत देने के बजाय गर्म हवा फेंकते रहे। जिससे लोगों की बेचैनी और बढ़ गई। गर्मी से बचने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों, नींबू पानी, बेल शरबत और तरबूज जैसे मौसमी फलों का सहारा लेते नजर आए। वहीं कई लोगों ने घरों में पर्दे लगाने और पानी का छिड़काव कर तापमान कम करने की कोशिश की, लेकिन उमस और गर्म हवाओं के कारण राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग ने 28 और 29 मई को जिले में तेज हवा चलने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, लेकिन फिलहाल नौतपा के चलते गर्मी से जल्द राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं.
तेज आंधी और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत
गुन्नौर। तहसील क्षेत्र में सोमवार शाम को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। आंधी और बारिश के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। तेज हवा के साथ उड़ रही धूल और कम दृश्यता के चलते वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश शुरू होते ही राहगीर और बाइक सवार सुरक्षित स्थानों की तलाश में इधर-उधर भागते नजर आए। कई लोगों ने दुकानों, ढाबों और पेड़ों की आड़ लेकर खुद को तेज हवा और बारिश से बचाया। वहीं सड़क पर चल रहे छोटे वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां रोक दीं।जिससे कुछ स्थानों पर जाम जैसी स्थिति बन गई।हालांकि कुछ देर बाद बारिश और तेज हवा का असर कम होने पर यातायात दोबारा सुचारू हो सका। अचानक बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन आंधी-बारिश ने कुछ समय के लिए जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया।
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


