
संभल में कड़ाके की ठंड का असर, बर्फीली हवाओं से जनजीवन बेहाल
Sambhal News - संभल में ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है। न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। शीतलहर से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। डॉक्टरों ने ठंडी चीजों से परहेज करने की सलाह दी है। जिला प्रशासन ने ठंड से बचाव के लिए 280 अलाव जलाने की व्यवस्था की है।
संभल। जनपद में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। वायु गुणवत्ता सूचकांक 180 रिकॉर्ड किया गया। हालांकि दृश्यता सामान्य रहने से लोगों को कोहरे से राहत जरूर मिली, लेकिन बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द हवाओं के चलते लोग दिनभर ठंड से परेशान नजर आए। ठंड से बचाव के लिए शहर में जगह-जगह अलाव जलाए गए। सोमवार को जनपद में घना कोहरा नहीं रहा, लेकिन हाईवे पर हल्की धुंध बनी रही, जिससे वाहन चालकों को सतर्कता बरतनी पड़ी।
शीतलहर का सबसे ज्यादा असर दोपहिया वाहन चालकों पर देखने को मिल रहा है। वहीं ओस गिरने के कारण चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ठंड बढ़ने से रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या में कमी आई है। मौसम में बदलाव के कारण बच्चों में खांसी-जुकाम और बुजुर्गों में सांस संबंधी दिक्कतें बढ़ रही हैं। डॉक्टरों ने ठंडी चीजों से परहेज करने और गुनगुने पानी का सेवन करने की सलाह दी है। कृषि क्षेत्र भी ठंड की मार झेल रहा है। ओस के कारण आलू की फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। किसानों का कहना है कि इस बार आलू का उचित भाव नहीं मिल पा रहा है, जबकि फसल निकालने में अभी 15 से 20 दिन का समय बाकी है। ठंड से बचाव के लिए जिला प्रशासन द्वारा 280 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी कोई सरकारी व्यवस्था नहीं है। वहां ग्रामीण खुद ही अलाव जलाकर ठंड से बचाव कर रहे हैं। रेल यातायात भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है। चंदौसी और बबराला जंक्शन पर पहुंचने वाली पांच ट्रेनें देरी से चल रही हैं। सूबेदारगंज एक्सप्रेस, लखनऊ इंटरसिटी, जनशताब्दी एक्सप्रेस, सत्याग्रह चंपारण एक्सप्रेस और बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर ट्रेनें कोहरा कम होने के बावजूद तीन घंटे तक लेट रहीं, जबकि एक मालगाड़ी करीब छह घंटे की देरी से पहुंची।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




