
संभल में बर्फीली हवाओं से बढ़ी ठिठुरन, न्यूनतम तापमान 8 डिग्री पर पहुंचा
Sambhal News - नववर्ष के पहले दिन संभल में मौसम ने राहत और परेशानी दोनों का एहसास कराया। घने कोहरे के बावजूद बर्फीली हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे लोगों को कड़ी ठंड का सामना करना पड़ा। रेलवे में कई ट्रेनें देरी से आईं, जबकि प्रशासन ने ठंड से बचाव के लिए व्यवस्थाएं की हैं।
नववर्ष के पहले दिन गुरुवार को संभल में मौसम ने लोगों को राहत और परेशानी-दोनों का एहसास कराया। घने कोहरे से जरूर राहत मिली, लेकिन बर्फीली हवाओं और बादलों के कारण ठंड का प्रकोप लगातार बना हुआ है। गुरुवार को जिले में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे सुबह और देर रात लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। वहीं शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 205 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। सुबह चार बजे तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और आठ बजे 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, लेकिन तेज और बर्फीली हवाओं के चलते ठंड का असर कम नहीं हुआ।
शहरी इलाकों में दृश्यता करीब 70 मीटर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 100 मीटर रही। कोहरा कम होने से हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सामान्य रही, जिससे यात्रियों ने कुछ राहत की सांस ली। हालांकि रेलवे यात्री परेशान रहे। चंदौसी रेलवे स्टेशन पर लखनऊ इंटरसिटी, सद्भावना एक्सप्रेस और जनशताब्दी एक्सप्रेस करीब चार घंटे की देरी से पहुंचीं। वहीं पूर्णागिरि एक्सप्रेस तीन घंटे और बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर दो घंटे देरी से आई। एक मालगाड़ी भी सात घंटे विलंब से पहुंची। शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने ठंड से बचाव के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले के 280 स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं। इसके अलावा 10 स्थायी और 10 अस्थायी रैन बसेरे भी स्थापित किए गए हैं। प्रशासन के निर्देश पर 1 जनवरी तक नर्सरी से इंटरमीडिएट तक के सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखे गए हैं। सुबह आठ बजे चंदौसी, बबराला, असमोली, गुन्नौर, बहजोई, नरौली, सिरसी, गंवा, जुनावई और पंवासा क्षेत्रों में तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा, हालांकि गर्म कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखी गई। स्थानीय निवासी अनिल कुमार ने बताया कि पिछले तीन दिनों से चल रही बर्फीली हवाओं के कारण ठंड काफी बढ़ गई है। वहीं प्रमोद कुमार का कहना है कि कोहरा कम होने के बावजूद तेज ठंडी हवाओं से आंखों में पानी आने लगता है, जिससे बाइक और स्कूटी चलाने में दिक्कत हो रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




