
दो सगे भाइयों की हत्या का मामला 20 दिन बाद भी अनसुलझा, आरोपी मौसेरे भाई की तलाश
Sambhal News - गुन्नौर तहसील के गांव मझोला में दो सगे भाइयों अमरपाल (14) और कमल सिंह (10) की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी मौसेरे भाई धर्मवीर (24) अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। दोनों भाइयों का शव क्रमशः 29 नवंबर और 12 दिसंबर को मिला। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
जनपद के तहसील गुन्नौर अंतर्गत थाना धनारी क्षेत्र के गांव मझोला में दो सगे भाइयों की हत्या का सनसनीखेज मामला अब तक पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। घटना के 20 दिन बीत जाने के बावजूद नामजद आरोपी मौसेरे भाई धर्मवीर (24) पुलिस की पकड़ से बाहर है। मृतक भाइयों में अमरपाल (14) और कमल सिंह (10) शामिल हैं। दोनों 26 नवंबर को अपनी ननिहाल से एक बारात में शामिल होने के लिए पिकअप वाहन में सवार होकर निकले थे। रास्ते में उनके मौसेरे भाई धर्मवीर ने बाइक पर बैठाने का बहाना बनाकर दोनों को बारात से अलग कर लिया।
इसके बाद दोनों भाई बारात में नहीं पहुंचे। परिजनों ने तलाश शुरू की और पिता की तहरीर पर धर्मवीर के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया। 29 नवंबर को थाना रजपुरा क्षेत्र के गांव सिंघौली कल्लू में बड़े भाई अमरपाल का शव बरामद हुआ। इसके बाद 12 दिसंबर को छोटे भाई कमल का शव भकरौली तालाब से सड़ी-गली अवस्था में मिला। पुलिस के अनुसार तालाब में पानी पीने आए कुत्ते द्वारा शव बाहर खींचे जाने पर ग्रामीणों की नजर पड़ी, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की कार्रवाई पुलिस को जांच के दौरान महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज हाथ लगी है, जिसमें आरोपी धर्मवीर दोनों भाइयों को बाइक पर बैठाकर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद आरोपी लगातार पुलिस को चकमा दे रहा है। ASP अनुकृति शर्मा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। अब तक उसके संपर्क में रहे करीब 650 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। आरोपी की तलाश में एसओजी सहित पांच थानों की पुलिस और कुल 10 टीमें लगाई गई हैं। लोकेशन मिलने पर पुलिस पहुंचती है, लेकिन उससे पहले ही आरोपी फरार हो जाता है। पुलिस का दावा, आरोपी को जल्द किया जाएगा गिरफ्तार धर्मवीर चंदौसी के एक इंस्टीट्यूट से डी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा है और एक मेडिकल स्टोर पर काम करता है। उसका ननिहाल गांव मझोला में है। मृतक बच्चों की ननिहाल भी इसी गांव में है। परिजनों के अनुसार दोनों परिवारों के नाना आपस में चचेरे-तहेरे भाई हैं। घटना वाले दिन 26 नवंबर को परिवार की ही बारात गांव तरफरी गई थी। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा, वहीं पीड़ित परिवार को अब भी न्याय का इंतजार है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




