भैंसोड़ा उच्च प्राथमिक विद्यालय में 10 दिन में दूसरी बार चोरी, शिक्षकों में दहशत
Sambhal News - असमोली थाना क्षेत्र के भैंसोड़ा गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में दस दिन के भीतर दूसरी बार चोरी और तोड़फोड़ हुई है। 30 जनवरी को चोरों ने समरसेबल मोटर और केबल चुराई थी। हाल ही में पाइप और वॉश बेसिन को नुकसान पहुंचाया गया। शिक्षक स्टाफ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।

असमोली थाना क्षेत्र के गांव भैंसोड़ा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में दस दिन के भीतर दूसरी बार चोरी और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। लगातार हो रही वारदातों से शिक्षक स्टाफ में चिंता और असुरक्षा का माहौल है। बताया गया कि 30 जनवरी को चोर विद्यालय से समरसेबल मोटर और केबल चोरी कर ले गए थे, जिसकी तहरीर पुलिस को दी गई थी। इसके बाद शनिवार को विद्यालय बंद कर स्टाफ घर चला गया। रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को जब स्कूल खोला गया तो समरसेबल का पाइप, वॉश बेसिन से जुड़ी टंकी और पाइपलाइन को तोड़कर क्षतिग्रस्त पाया गया।
इतना ही नहीं, समरसेबल से पाइप निकालकर बोरिंग में ईंटें भर दी गईं, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई है। घटना की जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी और ग्राम प्रधान को दी गई। इसके बाद पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है। लगातार दूसरी घटना से शिक्षक स्टाफ परेशान है और विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


