Sambhal 2024 Development and Violence Coexist Amidst Progress कल्किधाम के शिलान्यास से शुरुआत और हिंसा से खत्म हुआ संभल का साल, Sambhal Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsSambhal NewsSambhal 2024 Development and Violence Coexist Amidst Progress

कल्किधाम के शिलान्यास से शुरुआत और हिंसा से खत्म हुआ संभल का साल

Sambhal News - संभल 2024 में विकास और हिंसा का मिश्रण देखने को मिला। प्रधानमंत्री मोदी ने 'कल्किधाम' का शिलान्यास किया और शिक्षा एवं स्वास्थ्य में सुधार हुआ। हालांकि, 24 नवंबर को हुई हिंसा ने संभल को राष्ट्रीय चर्चा...

Newswrap हिन्दुस्तान, संभलTue, 31 Dec 2024 12:50 AM
share Share
Follow Us on
कल्किधाम के शिलान्यास से शुरुआत और हिंसा से खत्म हुआ संभल का साल

संभल 2024 में एक ऐसी कहानी के रूप में सामने आया, जहां विकास की चमक और हिंसा की छांव दोनों साथ-साथ चली। साल की शुरुआत में संभल ने राष्ट्रीय और धार्मिक स्तर पर सुर्खियां बटोरी, जब प्रधानमंत्री मोदी ने 'कल्किधाम' का शिलान्यास किया और जिले में प्राचीन तीर्थ स्थलों की खुदाई एवं सौंदर्यीकरण का काम तेज़ी से शुरू हुआ। शिक्षा और स्वास्थ्य में भी सुधार हुए, जैसे पीएम श्री और संभल श्री स्कूलों की स्थापना और जिला अस्पताल में सिटी स्कैन व ब्लड बैंक जैसी सुविधाएं। औद्योगिक गलियारे का बैनामा और गंगा एक्सप्रेसवे का काम भी तेजी से आगे बढ़ा। हालांकि, इस चमचमाती सफलता के बावजूद, 24 नवंबर को हिंसा की एक घटना ने संभल को एक बार फिर राष्ट्रीय चर्चा का विषय बनाने के साथ दुनिया में संभल में डंका बजा। संभल का यह साल विकास और चुनौती, दोनों का मिश्रण बनकर इतिहास में दर्ज हो गया।

साल की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संभल में 'कल्किधाम' का शिलान्यास किया, जिससे जिले की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को एक नई दिशा मिली। इसके बाद प्रशासन ने संभल के प्राचीन तीर्थ स्थलों और कूपों की खुदाई और सौंदर्यीकरण पर काम शुरू किया। जिसके तहत अब तक 32 तीर्थों और एक दर्जन से अधिक कूपों की पहचान की जा चुकी है। इस कदम से संभल में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। चंदौसी में मिली ऐतिहासिक बावड़ी, चतुर्मुख कूप, भद्राकाश्रम तीर्थ इसके साक्षात उदाहरण हैं।

शिक्षा और स्वास्थ्य में भी बदलाव

संभल में शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले। पीएम श्री और संभल श्री स्कूलों के निर्माण से अब आधुनिक शिक्षा सुविधाएं छात्रों को उपलब्ध होंगी। डीएम की इस पहल से बेसिक शिक्षा में काफी सुधार देखने को मिल रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सुधार की दिशा में कदम बढ़ाए गए, जहां जिला अस्पताल को सिटी स्कैन और ब्लड बैंक जैसी सुविधाएं मिलीं। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज में ओपीडी सेवाएं भी शुरू की गईं। जिसका लाभ आमजन को मिल रहा है।

बुनियादी ढांचे में सुधार

संभल के बुनियादी ढांचे में भी बदलाव आया। रोडवेज बस अड्डे, कलेक्ट्रेट और पुलिस लाइन के निर्माण कार्यों को गति दी गई। कलक्ट्रेट के लिए करोड़ों का बजट रिलीज हुआ। जिला न्यायायल जेल की भूमि भी फाइनल हो गई। एआरटीओ कार्यालय के लिए भी बजट आवंटित कर दिया गया। इसके अलावा, औद्योगिक गलियारे के निर्माण के लिए 240 हेक्टेयर भूमि का बैनामा भी किया गया, जिससे जिले में औद्योगिक विकास की संभावनाएं प्रबल हुईं। गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण भी तेज़ी से चल रहा है और इसने 80 प्रतिशत तक कार्य पूरा कर लिया है।

सुरक्षा व्यवस्था में सख्ती

संभल में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रशासन ने 25 पुलिस चौकियों की मंजूरी दी और दो नए थानों के लिए भूमि तलाशी गई। खग्गुसराय में 46 साल बाद खुले मंदिर की कपाट की सुरक्षा को नियमित पुलिस गार्द तैनात की। अतिसंवेदनशील शाही जामा मस्जिद क्षेत्र में पुलिस ने स्थायी चौकी का निर्माण शुरू करा दिया। जिससे लोग अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सके।

हिंसा को लेकर देश-दुनिया में चर्चा का विषय बना संभल

हालांकि, वर्ष 2024 के अंत में शाही जामा मस्जिद के हरिहर मंदिर होने के दावे के बाद कोर्ट की ओर से की जा रहे दूसरे सर्व के दौरान 24 नवंबर को हिंसा हुई। जिसमें चार लोगों की मौत होने के साथ 29 पुलिस कर्मी घायल हो गए। घटना से देश दुनिया में संभल चर्चा का विषय बन गया। इंटरनेट मीडिया पर भी सिर्फ संभल ही संभल छाया हुआ है। हिंसा के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए। 2024 संभल के लिए एक ऐतिहासिक वर्ष था, जहां विकास की गति तेज़ हुई, लेकिन वहीं कुछ घटनाओं ने इसे चुनौतीपूर्ण भी बना दिया।

साल बेहतर रहा। अंत में हिंसा से जरूर थोड़ी दिक्कत हुई लेकिन स्थितियों को जल्दी कंट्रोल कर लिया गया। नए वर्ष में पुलिसिंग को और बेहतर किया जाएगा। नई चौकियां बनाकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाएगी। कम्यूनिटि पुलिसिंग पर जोर दिया जाएगा। लोगों में पुलिस के प्रति सम्मान बढ़ाने के साथ भय किया जाएगा। पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रयास किया जाएगा।

- कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी

जनपद में विकास कार्य तेजी से हुए हैं। इस वर्ष जनपद में विकास की कई उपलब्धियां रही। इसमें मुख्य रूप से शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं को सुधारने पर जोर दिया गया। औद्योगिक गलियारा जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। जिला अस्पताल में सीटी स्कैन, ब्लड बैंक से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। पीएम श्री व संभल श्री स्कूलों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। नए वर्ष में कई विकास कार्य मूर्तरूप लेंगे। जिससे आमजन को लाभ मिलेगा।

- डा. राजेंद्र पैंसिया, जिलाधिकारी, संभल।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।