
वंदन योजना से संभल-चन्दौसी क्षेत्र के तीर्थ स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण, पहली किस्त जारी
Sambhal News - नगर पालिका संभल, चन्दौसी और नगर पंचायत सिरसी, नरौली व गवां क्षेत्र में वंदन योजना के अंतर्गत 796.14 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विभिन्न तीर्थ स्थलों पर विकास और सौंदर्यीकरण कार्य जल्द शुरू होंगे, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान में सुधार होगा।
नगर पालिका संभल, चन्दौसी व नगर पंचायत सिरसी, नरौली और गवां क्षेत्र के सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत को नया रूप देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। वंदन योजना के अंतर्गत सरकार ने कुल 796.14 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। प्रथम आंशिक कार्ययोजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रथम किस्त जारी कर दी गई है, जिसके बाद विभिन्न तीर्थ स्थलों पर निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। संभल नगर पालिका क्षेत्र में वंदन योजना के तहत पौराणिक महत्व वाले पाप मोचन तीर्थ एवं पिशाच मोचन तीर्थ पर विकास कार्य तेजी से शुरू होगा। यहां दो विश्राम हॉल, विस्तृत परिक्रमा पथ, तथा प्रकाश और पानी की व्यवस्थाओं के विस्तार के लिए कुल 97.50 लाख रुपये की प्रथम किस्त जारी की गई है।
इसी कड़ी में संभल में स्थित प्रसिद्ध यम तीर्थ का सौंदर्यीकरण कार्य भी जारी है, जिससे यह धार्मिक धरोहर और आकर्षक रूप में उभर सकेगी। चन्दौसी नगर पालिका क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण स्थलों के पुनरुद्धार का काम शुरू हो चुका है। यहां के शनिदेव मंदिर, प्राचीन हनुमान मंदिर, महात्मा गांधी की मूर्ति, देवी मंदिर में हॉल निर्माण, संपर्क मार्ग दुरुस्ती, स्मृति स्थल के सौंदर्यीकरण तथा पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था के विकास के लिए 71.50 लाख रुपये की प्रथम किस्त जारी की गई है। इन कार्यों के पूर्ण होने पर चन्दौसी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को एक नया रूप मिलने की उम्मीद है। नगर पंचायत सिरसी में चामुंडा मंदिर संपर्क मार्ग, नाली, सीसी रोड निर्माण, मंदिर परिसर में टाइल्स बिछाने तथा प्रकाश और पानी की सुविधा को बेहतर करने के लिए 82.50 लाख रुपये की प्रथम किस्त जारी हुई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे मंदिर क्षेत्र का आध्यात्मिक माहौल और अधिक आकर्षक होगा। नरौली नगर पंचायत क्षेत्र में जाहरवीर मंदिर और मंशादेवी मंदिर पर नई रोशनी और सुविधा का दौर शुरू होगा। यहां हॉल निर्माण, दो परिक्रमा मार्गों पर टाइलिंग, पानी व प्रकाश की सुदृढ़ व्यवस्था के लिए 84 लाख रुपये जारी किए गए हैं। इससे श्रद्धालुओं को अधिक सुविधा मिलेगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। ईओ डा. मणिभूषण तिवारी ने बताया कि वंदन योजना का व्यापक उद्देश्य इन सभी पौराणिक व धार्मिक स्थलों को उनकी ऐतिहासिक गरिमा के अनुरूप नया स्वरूप देना है। सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से यह स्थल स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी आकर्षित करेंगे। इस योजना के पूर्ण होने पर संभल व आस-पास के धार्मिक स्थलों को एक नई पहचान मिलने की उम्मीद है। जिससे क्षेत्र का सांस्कृतिक महत्व और अधिक प्रखर होकर उभरेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




