Hindi NewsUttar-pradesh NewsSambhal NewsRelief for Sambhal Residents as Weather Clears Up After Fog and Cold
संभल में धूप से मिली राहत, बाजारों में लौटी रौनक

संभल में धूप से मिली राहत, बाजारों में लौटी रौनक

संक्षेप:

Sambhal News - सोमवार की सुबह संभलवासियों के लिए राहत लेकर आई, जब तीन दिनों की धुंध और कड़ाके की सर्दी के बाद मौसम साफ हुआ। धूप निकलने से ठंड का असर कम हुआ और शैक्षणिक गतिविधियों में रौनक लौट आई। हालांकि रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं हुई, और कई ट्रेनें देरी से पहुंचीं।

Jan 19, 2026 12:51 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संभल
share Share
Follow Us on

सोमवार की सुबह संभलवासियों के लिए राहत लेकर आई। तीन दिनों की घनी धुंध और कड़ाके की सर्दी के बाद मौसम साफ हुआ और सूरज निकलते ही जनजीवन सामान्य होता नजर आया। धूप निकलने से ठंड का असर कम हुआ और लंबे समय बाद लोगों ने राहत महसूस की। बीते कई दिनों से शीतलहर और ठिठुरन के कारण लोग घरों में दुबके हुए थे। स्कूलों में भी करीब दो सप्ताह तक अवकाश रहा, लेकिन मौसम खुलते ही शैक्षणिक गतिविधियों में फिर से रौनक लौट आई। दो सप्ताह बाद स्कूल खुले तो बच्चों के चेहरों पर उत्साह साफ झलकता दिखा। सुबह आसमान में हल्के बादल जरूर छाए रहे, लेकिन जैसे ही धूप खिली, बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर चहल-पहल बढ़ गई।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

बुजुर्गों और कामकाजी लोगों ने भी धूप का आनंद लिया, हालांकि ठंड से बचाव के लिए कई स्थानों पर अलाव जलते रहे। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो सूरज निकलने के बाद सुबह आठ बजे बढ़कर 11 डिग्री सेल्सियस हो गया। दिन में अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जो पिछले 20 दिनों में सर्वाधिक रहेगा। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 261 रिकॉर्ड किया गया। मौसम साफ होने से शहरी और ग्रामीण इलाकों में दृश्यता सामान्य रही और हाईवे पर वाहनों की रफ्तार भी बढ़ गई। दो दिन पहले अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन ठंड का एहसास 5 डिग्री सेल्सियस जैसा हो रहा था। अब तेज धूप निकलने से मौसम में सुधार और बाजारों में रौनक बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या में अभी कोई खास बढ़ोतरी नहीं देखी गई है। वहीं चंदौसी जंक्शन पर कई ट्रेनें देरी से पहुंचीं। लखनऊ इंटरसिटी, सत्याग्रह चंपारण एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस और बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर ट्रेन करीब चार घंटे विलंब से आईं, जबकि एक मालगाड़ी सात घंटे देरी से पहुंची। चंदौसी, बहजोई, असमोली, नरौली, सिरसी, गुन्नौर, बबराला, गंवा, पंवासा और जुनावई क्षेत्रों में सुबह के समय तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है।