आवारा कुत्तों के झुंड ने मासूम पर किया हमला, रेफर
Sambhal News - असमोली थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव में एक 6 वर्षीय बच्चे पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासी पहले भी प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

असमोली थाना क्षेत्र के गांव हीरापुर में शुक्रवार शाम को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने एक 6 वर्षीय मासूम पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। यह घटना क्षेत्र में पूर्व में कई बार हो चुकी है, ग्रामीण इसको लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत भी कर चुके हैं लेकिन आज तक इन आवारा कुत्तों से समाधान नहीं मिला। हीरापुर निवासी रमेश ठाकुर का बेटा कुश ठाकुर अपने पिता के पीछे-पीछे खेत की ओर जा रहा था। जैसे ही वह घर से कुछ दूरी पर हीरापुर और दुगाबर के रास्ते पर पहुंचा, तभी अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया।
कुत्तों ने मासूम को घेरकर बुरी तरह नोच-नोचकर घायल कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाकर बच्चे को बचाया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से जख्मी हो चुका था। शोर सुनकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए और तुरंत बच्चे को घर लाकर निजी अस्पताल में उपचार कराया। इसके बाद सीएचसी असमोली में एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए बच्चे को जिला अस्पताल संभल रेफर कर दिया। पिता रमेश ठाकुर ने बताया कि बच्चे का खून अभी तक बंद नहीं हो रहा है, जिससे परिजन बेहद चिंतित हैं। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक, ग्रामीणों में दहशतअसमोली क्षेत्र के गांवों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़कों और खेतों के रास्तों पर कुत्तों के झुंड खुलेआम घूमते हैं और कई बार राहगीरों पर हमला कर देते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पहले भी कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। गांववासियों का कहना है कि कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे खतरा और भी गंभीर होता जा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनके नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाए, ताकि लोगों को इस दहशत से राहत मिल सके।संभल में कुत्तों का बढ़ता आतंक: दो साल में 7 से अधिक मौतें, लोग दहशत मेंजनपद में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल के महीनों में सामने आई घटनाओं और आंकड़ों ने स्थिति की गंभीरता को उजागर कर दिया है। पिछले दो वर्षों में कुत्तों के हमलों से 7 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग घायल हो चुके हैं।जनवरी 2026 में थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के पोटा गांव में 9 वर्षीय बच्ची रिया पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया था, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। कुत्तों ने बच्ची को इतनी बुरी तरह नोचा कि उसका एक हाथ शरीर से अलग हो गया। इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था। इसी तरह, पंवासा क्षेत्र के हिंडोली गांव में दो साल के मासूम पर कुत्तों ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वहीं शहर में एक पालतू कुत्ते ने भी आतंक मचाते हुए 20 से अधिक लोगों को काट लिया, जिनमें बच्चे भी शामिल थे। हिलालीसराय इलाके में कुत्तों के हमले की घटनाएं सीसीटीवी में भी कैद हो चुकी हैं, जहां राहगीरों और बाइक सवारों पर हमला करते कुत्ते साफ दिखाई दिए। इन घटनाओं के बाद लोगों में भय का माहौल गहराता जा रहा है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। लोग अपने बच्चों को अकेले बाहर भेजने से डर रहे हैं, जबकि कई मोहल्लों में कुत्तों के झुंड खुलेआम घूमते नजर आते हैं। स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनके नियंत्रण के लिए तत्काल प्रभावी अभियान चलाया जाए।बच्चे पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर घायल किया है इस बात कि जानकारी नहीं है। आपके माध्यम से जानकारी मिली है। इसको दिखावकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।- प्रेमपाल सिंह, खंड विकास अधिकारी, असमोली
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


