हरविंदर की हत्या के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन
हरविंदर हत्याकांड के आरोपी की गिरफ्तारी में देरी से नाराज परिजनों और बिरादरी के लोगों ने असमोली थाने में प्रदर्शन किया। हरविंदर का शव संदिग्ध स्थिति में मिला था, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटें पाई गईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हुई है।

हरविंदर हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों और बिरादरी के लोगों ने मंगलवार को असमोली थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। असमोली थाना क्षेत्र के गांव पाली की मंडया निवासी हरविंदर सिंह पुत्र डंबर सिंह का शव बीते बुधवार को गांव बदनपुर बसई के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर और दिमाग में गंभीर चोट लगने की पुष्टि हुई है, जबकि बिसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेजा गया है। मामले में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गांव राय बुजुर्ग निवासी मुनाजिर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। इसके बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी न होने से परिजनों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। मंगलवार को बड़ी संख्या में परिजन और बिरादरी के लोग असमोली थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर कहा कि मुकदमा दर्ज हुए कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जिससे परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस से जल्द गिरफ्तारी कर आरोपी को जेल भेजने की मांग की。
आरोपी की तलाश में पुलिस दे रही दबिश
असमोली । थाना प्रभारी मोहित कुमार चौधरी ने बताया कि हरविंदर हत्याकांड पुलिस की प्राथमिकता में है। आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि तीन दिन के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। परिजनों के प्रदर्शन के बाद पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। क्षेत्र के लोगों की निगाहें अब आरोपी की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।
पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


