पंद्रह किमी. पीछाकर मजदूर को पीट-पीटकर मार डाला
Sambhal News - जुनावई थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक मजदूर की हत्या कर दी गई। पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद बढ़ा और पुलिस की मौजूदगी में दबंगों ने मजदूरों पर हमला किया। मृतक का नाम योगेश उर्फ दुर्गेश है, जिनकी...

थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पैसे के लेनदेन से शुरू हुआ विवाद पुलिस की मौजूदगी में ही खूनखराबे में बदल गया। दबंगों ने 15 किलोमीटर तक बाइक से पीछा करने के बाद जुनावई कस्बे के मेन चौराहे पर ट्रैक्टर रोककर एक मजदूर को नीचे खींच लिया और बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि मजदूरों को सुरक्षित घर पहुंचाने का भरोसा देने वाली पुलिस बीच रास्ते लौट गई, जिसके बाद हमलावर और भी बेखौफ हो गए। हमले में अन्य मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की खबर मिलते ही सदमे में मृतक की दादी की भी मौत हो गई।
दूसरी तरफ, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह थाने पर जमकर हंगामा किया। बाद में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जुनावई थाना क्षेत्र के नगला अजमेरी गांव निवासी भाई योगेश उर्फ दुर्गेश और भुवनेश अन्य मजदूरों के साथ लिंटर डालने का काम करते थे। सोमवार रात बबराला में काम पूरा होने के बाद उन्होंने ठेकेदार रसूलपुर ढाय निवासी श्री निवास से मजदूरी मांगी। ठेकेदार ने दो दिन पहले डाले गए लिंटर में खराबी का आरोप लगाकर भुगतान से इंकार कर दिया। विवाद बढ़ा तो मजदूरों ने डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मजदूरों को सुरक्षित घर पहुंचाने का भरोसा दिया और ट्रैक्टर के साथ चलने लगी। आरोप है कि इसी दौरान ठेकेदार के दो दर्जन से अधिक साथी बाइकों से 15 किमी तक मजदूरों का पीछा करते रहे और पुलिस की मौजूदगी में ही हाईवे पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला करते रहे। इसी बीच सेंजना मुस्लिम गांव तक पहुंचने के बाद पुलिसकर्मी बीच रास्ते लौट गए। इसके बाद दबंग और उग्र हो गए। जुनावई कस्बे के मेन चौराहे पर उन्होंने ट्रैक्टर रोककर योगेश को नीचे उतार लिया और लाठी-डंडों व रॉड से बुरी तरह पीट दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हमले में भुवनेश, सुखराम, नौवेश और धर्मवीर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि अगर पुलिस अंत तक मजदूरों के साथ रहती तो हत्या नहीं होती। उधर, घटना की सूचना मिलते ही मृतक की दादी अनारो देवी (60) की सदमे में मौत हो गई। दूसरी तरफ, घटना से आक्रोशित ग्रामीण मंगलवार सुबह थाने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। बाद में पुलिस ने उनको समझा-बुझाकर शांत कराया। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बबराला से पीछा करने की बात कही जा रही है, इसके लिए सीसीटीवी को चेक किया जा रहा है। अभी तक सीसीटीवी में कहीं तक ऐसी बात सामने नहीं आई है। कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी, संभल सात नामजद और बीस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज जुनावई। पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर गुन्नौर थाना क्षेत्र के रसूलपुर ढाय निवासी श्री निवास, सुभाष, विनोद, गुड्डू, राजेश, संतोष, जयपाल सहित बीस अज्ञात लोगों के खिलाफ बेटे योगेश उर्फ दुर्गेश कुमार की हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




