
पीएम कुसुम योजना में आवेदन शुरू, 15 तक होगी ऑनलाइन बुकिंग
Sambhal News - प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा व उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम योजना) के तहत जिले के किसानों को 750 सोलर पंप का लक्ष्य मिला है। ऑनलाइन बुकिंग 15 दिसंबर तक चलेगी, जिसमें किसानों को 5000 रुपये की टोकन मनी जमा करनी होगी। चयन प्रक्रिया पारदर्शी ई-लॉटरी प्रणाली द्वारा की जाएगी।
प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा व उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम योजना) में जिले के किसानों को अनुदान पर सोलर पंप मिलेंगे। जिले को शासन स्तर से 750 सोलर पंप का लक्ष्य मिला है। इसके लिए विभाग ने ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू कर दी है। बुकिंग 15 दिसंबर तक चलेगी। किसानों को पंजीकरण के समय पांच हजार रुपये की टोकन मनी ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य होगा। किसानों का चयन पारदर्शी तरीके से ई-लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। चयन की जानकारी पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संदेश के रूप में भेजी जाएगी। इसके अलावा बुकिंग केवल उन्हीं किसानों की ओर से की जा सकेगी, जिनका नाम विभागीय वेबसाइट पर पंजीकृत है।
योजना के तहत दो से 10 एचपी तक सोलर पंप पर 60 प्रतिशत तक अनुदान सरकार की ओर से दिया जाएगा। साथ ही 40 फीसद की धनराशि किसानों को जमा करना होगा। दो एचपी के डीसी व एसी, तीन, पांच, साढ़े सात व 10 एचपी के सोलर पंप लगेंगे। उप कृषि निदेशक अरुण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया शुरु है। अंतिम तारीख 15 दिसंबर है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी और चयन ई-लॉटरी प्रणाली के तहत किया जाएगा। इससे चयन प्रक्रिया पारदर्शी रहेगी और किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना नहीं रहेगी। अधिक से अधिक किसानों को आवेदन कराए जाने के लिए विभागीय अधिकारी व कर्मचारी लगातार किसानों को जागरूक कर रहे हैं। ऐसे कर सकेंगे आवेदन बहजोई। सोलर पंप की ऑनलाइन बुकिंग के लिए विभागीय वेबसाइट www.agriculture.up.gov.in होम पेज पर अनुदान पर सोलर पंप के लिए बुकिंग करें। लिंक पर क्लिक कर अपना मोबाइल नंबर भरें, फिर मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा, फिर ओटीपी भरे, कृषक पंजीकरण नंबर भरें, इसके बाद किसान का नाम खुलकर आ जाएगा। उसके पश्चात बोरिंग हो या नही पर टिक करे, उसके बाद सोलर पंप की क्षमता का चयन करें, आगे बढ़े पर क्लिक करे। उसके बाद सबमिट करें, आपकी बुकिंग कंफर्म होने का मैसेज कंप्यूटर / मोबाइल पर आएगा। बुकिंग कंफर्म होने पर विभाग की उक्त साइट से ऑनलाइन बैंक चालान जनरेट होगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




