Sambhal News: धान क्रय केंद्रों पर बोरे की कमी न हो, किसानों को न करें परेशान
Sambhal News: एडीएम ने धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश, लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई

Sambhal News: धान खरीद के दौरान किसानों को केंद्रों पर किसी तरह की परेशानी न हो और उनकी उपज की खरीद निर्धारित नियमों के तहत हो, इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने धान खरीद की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी क्रय केंद्रों पर जरूरी उपकरण, पर्याप्त बोरे और किसानों के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि खरीद नीति के पालन में लापरवाही या किसानों को अनावश्यक परेशान करने की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजीव कुमार राय ने धान खरीद से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी दी। एडीएम ने कहा कि सभी क्रय केंद्रों पर कांटा, नमी मापक यंत्र, विनोइंग फैन और क्रय नीति में निर्धारित अभिलेख अनिवार्य रूप से उपलब्ध होने चाहिए। किसी भी केंद्र पर बोरों की कमी नहीं होनी चाहिए, ताकि किसानों को धान बेचने के लिए इंतजार न करना पड़े। एडीएम ने मंडी सचिवों को निर्देश दिए कि मंडी के मुख्य गेट पर धान क्रय केंद्रों से संबंधित बड़े फ्लेक्स और बैनर लगाए जाएं। दीवारों पर वाल पेंटिंग कराई जाए और किसानों को केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा के लिए दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएं। मंडियों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रखने के साथ शौचालयों का नियमित संचालन भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी क्रय केंद्रों पर खरीद से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। मंडियों में धान सुखाने के लिए पर्याप्त स्थान और जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया, ताकि किसानों को अपनी उपज तैयार करने में दिक्कत न हो। अपर जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारियों से कहा कि वे धान खरीद नीति का अच्छी तरह अध्ययन करें और निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन कराएं। किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान करने या खरीद प्रक्रिया में लापरवाही बरतने की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

