जनपद दौरे पर पहुंचे पुलिस नोडल अधिकारी आईजी अमित चंद्रा ने कानून व्यवस्था को लेकर अफसरों से समीक्षा की। वहीं कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे आंदोलन को लेकर किसान नेताओं की भूमिका को लेकर जानकारी की। थाना प्रभारियों को लगातार सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
रिजर्व पुलिस लाइन में पहुंचे नोडल अधिकारी आईजी अमित चंद्रा ने बैठक में पुलिस अफसरों और थाना प्रभारियों से जनपद की कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा की। नोडल अधिकारी ने कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वह सर्दी के मौसम में रात्रि गश्त तेज करें। दिन में भी अतिरिक्त सतर्कता बरतें। जिससे कोई भी अपराधी किसी भी घटना को अंजाम न दे सके। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था अच्छी बनाए जाने को लेकर जनता के साथ पुलिस का सीधा संवाद रहे। थानों पर आने वाले फरियादियों को न्याय दिलाया जाए। उन्होंने कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे आंदोलन को लेकर थाना प्रभारियों से समीक्षा की तथा किसान नेताओं की भूमिका की जानकारी की। थाना प्रभारियों ने अपने अपने यहां किसानों की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। वहीं किसान नेताओं के बारे में भी विस्तार से बताया। किसान नेताओं के दिल्ली कूच करने को लेकर भी नोडल अधिकारी संजीदा दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को शांति पूर्वक समझाने का प्रयास किया जाए। कृषि कानूनों को लेकर किसान संगठनों व किसान नेताओं द्वारा आगे भी आंदोलन जारी रह सकता है। इसके लिए सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सतर्कता बरतने का काम करेंगे। कहीं भी कोई भी घटना ऐसी न हो जिससे जनता को परेशानी का सामना करना पड़े। जनपद की कानून व्यवस्था को चुनौती बने। इस दौरान पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा व अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार जायसवाल आदि रहे।