
जामा मस्जिद से लेकर दीपा सराय तक मजबूत हुआ पुलिस तंत्र
Sambhal News - 24 नवंबर 2022 को जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा के बाद जिले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 39 नई पुलिस चौकियों की स्थापना की गई है। इनमें से रायसत्ती चौकी को थाने का दर्जा मिला है।...
पिछले वर्ष 24 नवंबर को शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान भड़की हिंसा ने जिले को सुरक्षा के नए खाके पर सोचने को मजबूर कर दिया। इसी के बाद जिले की सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया। अफसरों ने पूरे जिले में 39 नई पुलिस चौकियों की स्थापना का खाका तैयार किया, जिसमें अब कई चौकियां बनकर तैयार हो चुकी हैं और कुछ जल्द ही शुरू होने वाली हैं। सबसे पहले हिंसाग्रस्त क्षेत्र में जामा मस्जिद के सामने सत्यव्रत पुलिस चौकी का निर्माण मात्र 100 दिनों में पूरा कर लिया गया। इस चौकी को जिले का मुख्य कंट्रोल रूम घोषित किया गया है।
यहां से पूरे जिले में लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। यही नहीं, सुरक्षा के लिहाज से यह चौकी अब और अधिक संवेदनशील बन गई है क्योंकि इसमें एटीएस की अस्थायी यूनिट भी स्थापित की गई है। एटीएस के स्थायी कार्यालय के लिए भूमि चिन्हित कर दी गई है और जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। रायसत्ती चौकी को मिला थाने का दर्जा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के घर से कुछ ही दूरी पर स्थित रायसत्ती पुलिस चौकी को प्रशासन ने और मजबूत करते हुए थाने का दर्जा दिलाया है। इससे न सिर्फ क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, बल्कि प्रशासनिक कार्यों की पहुंच भी और सुलभ हुई है। दीपा सराय मोहल्ले के चौक पर, जो कि सांसद निवास के बेहद निकट है, एक अत्याधुनिक दोमंजिला पुलिस चौकी का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। भवन का ढांचा तैयार हो चुका है और अब प्लास्टर, पेंटिंग व फिनिशिंग का कार्य शुरु होगा। हालांकि निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है, फिर भी यहां से चौकी का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है, ताकि स्थानीय लोगों को सुरक्षा का तुरंत लाभ मिल सके। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि यह सभी चौकियां केवल निर्माण का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि यह सामाजिक विश्वास की पुनर्स्थापना और अपराध नियंत्रण की रणनीति का मुख्य आधार हैं। आने वाले समय में अन्य चिन्हित स्थलों पर भी चौकियों का निर्माण कार्य तेजी से किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




