
कर्ज की रकम हड़पने के लिए की थी रिश्तेदार की हत्या, पेट्रोल पंप का मैनेजर व सेल्समैन गिरफ्तार
Sambhal News - बबराला थाना क्षेत्र में दो फरवरी की रात की गई थी घटना हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर निवासी युवक की हत्या
बबराला थाना पुलिस ने 2 फरवरी की रात हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर निवासी युवक की हत्या मामले में बुलंदशहर निवासी पेट्रोल पंप सेल्समैन व मैनेजर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की, तो हकीकत सामने आई। पुलिस ने बताया कि कर्ज की रकम हड़पने के लिए दोनों ने मिलकर युवक की बेरहमी से पीटकर हत्या की थी, और हादसा दर्शाने के लिए शव को पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर दूर फेंक दिया था। हापुड़ जनपद के गढ़मुक्तेश्वर थानांतर्गत आदर्श नगर निवासी 40 वर्षीय रविंद्र की हत्या के मामले पुलिस ने रविवार को राहुल निवासी हाजीपुर थाना स्याना जनपद बुलंदशहर व राजेश निवासी खनौदा थाना औरंगाबाद जिला बुलंदशहर को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि रविंद्र से सालभर पहले दूर के रिश्तेदार राहुल निवासी हाजीपुर थाना स्याना जनपद बुलंदशहर ने डेढ़ लाख रुपये उधार लिए थे। रविंद्र ने कई बार तकादा किया लेकिन वह रुपये नहीं चुका पाया। जिस पर राहुल ने रविंद्र को भरोसा दिया कि उस पर रुपयों का इंतजाम नहीं हो रहा है। वह पेट्रोल पंप पर काम करता है, थोड़ा-थोड़ा करके रुपये लौटा देगा। साथ ही रविंद्र को भी पेट्रोल पंप पर नौकरी का झांसा देकर 2 फरवरी को अपने साथ ले आया। दिन में करीब 11 बजे दोनों पेट्रोल पंप पर पहुंचे, दिनभर काम किया और रात को करीब 12 बजे पेट्रोल पंप के मैनेजर राजेश निवासी खनौदा थाना औरंगाबाद जिला बुलंदशहर के साथ मिलकर रविंद्र की पीटकर हत्या कर दी। हत्या को हादसे का रूप देने को फेंक दिया था शव संभल। हत्या को हादसे का रूप देने के लिए सेल्समैन राहुल व उसके मैनेजर राजेश ने शव को पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर दूर फेंक दिया। फिर राजेश ने 108 एम्बुलेंस को फोन कर हादसे की सूचना दी। पुलिस को शि हुआ तो पेट्रोल पंप की डीवीआर चैक की और दोनों से पूछताछ की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट होने पर हत्या की पुष्ठि हुई और पुलिस ने रविवार को दोनों हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि बुलंदशहर जिले के दोनों हत्यारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




