बम-बम भोले के उद्घोष से शिवमय हुआ शहर
Sambhal News - फोटो - 3 से 11 महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव के अभिषेक के लिए शिवभक्त शनिवार को राजघाट से गंगाजल लेकर

महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव के अभिषेक के लिए शिवभक्त शनिवार को राजघाट से गंगाजल लेकर चन्दौसी पहुंचे। कांवड़िए डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए शहर में प्रवेश किए। बम-बम भोले के जयकारों से नगर और मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे गूंज उठा। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्टॉल लगाकर कांवड़ियों का स्वागत किया और जलपान कराया। हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस और पीएसी की गश्त जारी रही। रातभर शहर में कांवड़ियों की चहल-पहल बनी रही। शहर के फव्वारा चौक पर प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी विशेष सजावट की गई। शुक्रवार रात से शुरू हुई तैयारियां शनिवार तक जारी रहीं।
देर रात तक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें उज्जैन के महाकाल की तर्ज पर भस्म आरती आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए। आज शिवालयों में होगा जलाभिषेक महाशिवरात्रि पर शहर और ग्रामीण अंचलों से लगभग चार हजार कांवड़ें पहुंचीं। कांवड़िए नंगे पांव गंगाजल लेकर अपने-अपने निर्धारित शिव मंदिरों की ओर रवाना हुए। रविवार भोर चार बजे से शिवालयों में जलाभिषेक शुरू होगा। श्रद्धालु गंगाजल अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक करेंगे। बेरनी व झारखंड शिव मंदिर में उमड़ेगी आस्था तहसील क्षेत्र के गांव बेरनी के प्राचीन शिव मंदिर और छावड़ा स्थित झारखंड शिव मंदिर में आसपास ही नहीं बल्कि अन्य जनपदों से भी श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचेंगे। सुबह चार बजे से मंदिरों में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो जाएगा, जो दोपहर बाद तक जारी रहेगा। मंदिर परिसर के बाहर मेले का भी आयोजन होगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




