
कारखाने की ऊपरी मंजिल पर पहुंच जाती आग तो होता अधिक नुकसान
संक्षेप: Sambhal News - संभल के मोहल्ला भूड़ा में वसीम और अजीम के हैंडीक्राफ्ट कारखाने में आग लग गई। आग बुझाने में 25 से अधिक दमकलकर्मियों ने ढाई घंटे की मेहनत की। आग से कारखाने का टिनशेड गिर गया और कई मशीनें जल गईं। तंग रास्ते के कारण दमकल को पहुंचने में दिक्कत हुई।
संभल। सरायतरीन के मोहल्ला भूड़ा में वसीम और अजीम के हैंडीक्राफ्ट कारखाने में बुधवार को जब आग लगी, तो कारीगरों के साथ मोहल्ले के तमाम लोग आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। सूचना पर पहुंची अग्निशमन केंद्रों की टीम के करीब 25 से अधिक कर्मचारियों ने मिलकर ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग ने कारखाने की ग्राउंड फ्लोर को ही चपेट में लिया था, अगर ऊपरी मंजिल तक आग पहुंच जाती तो और अधिक विकराल हो जाती और नुकसान भी अधिक होता। घटना के बाद कारखाना मालिक और मजदूर व कारीगरों का कहीं पता नहीं लगा।

आग से गिर गया टिनशेड, दीवारे व लिंटर हुआ जर्जर संभल। कारखाने में लगी भीषण आग की घटना से कारखाने में लगा टिनशेड पूरी तरह से गिर गया। उसके अंदर लगी मशीनें और वहां रखी सामग्री भी पूरी तरह से जल गई। वहीं आग लगने के बाद कारखाने की एक दीवार गिर गई और कुछ दीवारें गिराऊ हो गईं। वहीं लिंटर की हालत भी खराब हो गई और दोपहर बाद तक कारखाने से धुंआ निकलता रहा। तंग रास्ते पर चल रहा था कारखाना, नहीं पहुंच सकी दमकल संभल। शहर के मोहल्ला भूड़ा में बुधवार को जिस कारखाने में में आग लगी। वह तंग रास्ते पर संचालित हो रहा है। दमकल की गाड़ियां कारखाने तक नहीं पहुंच पाईं। कारखाने से करीब 60 मीटर दूर ही दमकल की गाड़ियों को खड़ा कर पाइप बिछाकर दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। वहीं आग लगने की घटना के बाद कारखाने की तरफ लोगों की भीड़ उमड़ी, तो सीओ आलोक भाटी ने सभी रास्तों पर पुलिस को तैनात कर दिया और तिराहे पर खुद मौजूद रहकर दमकलों के लिए रास्ता खुला रखवाया। धुंए से दमघोटू हुई हवा, तो परेशान हो उठे लोग संभल। कारखाने में भीषण आग लगने पर केमिकल और हड्डी-सींग से बने प्रोडक्ट जलने से उठे धुएं के गुबार से आसपास के क्षेत्र की हवा दमघोटू हो गई। लोग दमघोटू हवा से बचने के लिए मुंह पर कपड़ा और मास्क लगाए रहे। पुलिसकर्मी भी मास्क लगाकर ड्यूटी पर मौजूद रहे। दमकलकर्मियों ने भी साहस दिखाया। घटनास्थल पर पहुंचने से पहले खराब हो गई दमकल संभल। जिले की सभी दमकल आग बुझाने के कार्य में जुटी रहीं लेकिन बेकाबू आग को काबू करने के लिए मुरादाबाद से आ रही एक दमकल रास्ते में संभल-बहजोई मार्ग पर जनता पेट्रोल पंप के पास खराब हो गई। टीम के कर्मियों ने मशक्कत की और करीब घंटेभर के बाद गाड़ी को सही कर घटनास्थल पर ले जाया गया। आग नियंत्रित होने पर दोपहर बाद करीब तीन बजे मुरादाबाद की दमकल घटनास्थल पर पहुंची। पानी भरने के लिए दौड़ीं दमकल संभल। घटनास्थल के पास फायर हाइड्रेंट नहीं होने से अग्निशमन विभाग की टीम को दमकल खाली होने पर पानी भरने के लिए परेशान होना पड़ा। दमकलों में कोल्ड स्टोर व प्राइवेट इंडस्ट्री से पानी भरना पड़ा। सरायतरीन में हैंडीक्राफ्ट इंडस्ट्री का बड़ा जाल फैला हुआ है। यहां छोटे-बड़े करीब तीन हजार से अधिक कारखाने हैं, जोकि घरों और तंग गलियों में संचालित हो रहे हैं। ऐसे में जब भी आग लगती है, दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच पाती हैं। इस तरह की घटनाएं लोगों की जान और रोजगार दोनों पर खतरा बनती जा रही हैं। आबादी वाले क्षेत्रों में चल रहे ऐसे कारखानों की सुरक्षा मानकों की जांच कराई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




