Sambhal News: वर्षों पुराने जमीन के सौदे पर विवाद, फर्जी दस्तावेज से कब्जा करने का आरोप
Sambhal News: संभल में भूमि विवाद ने नया मोड़ लिया है। महेश चंद्र ने न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई है कि उन्होंने 1987 में जमीन का इकरारीनामा किया था, लेकिन फर्जी दस्तावेज तैयार कर 10 लाख रुपये की मांग की जा रही है। पुलिस ने कोट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है।

Sambhal News: संभल कोतवाली क्षेत्र में जमीन के पुराने विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। मोहल्ला ठेर निवासी महेश चंद्र ने न्यायालय की शरण लेते हुए जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर कब्जा हड़पने और 10 लाख रुपये की मांग कर धमकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है। शहर के मोहल्ला ठेर निवासी महेश चंद्र के अनुसार उन्होंने वर्ष 1987 में फात्मा बेगम से गाटा संख्या 77, 78 और 79 की जमीन का 30 हजार रुपये में इकरारनामा किया था। बाद में भूमि के एक हिस्से को अन्य लोगों को बेचने का आरोप लगाते हुए उन्होंने न्यायालय में वाद दायर किया।
मामले में वर्ष 1990 में उनके पक्ष में एकपक्षीय निर्णय हुआ और बाद की कार्रवाई में वर्ष 1995 में 1608 वर्ग गज भूमि का बैनामा उनके पक्ष में होने का दावा किया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि 15 अप्रैल को कुछ लोग जमीन खाली करने पहुंचे। रजिस्ट्री कार्यालय की जांच कराने पर पता चला कि फात्मा बेगम के बेटे मोहम्मद शहनवाज सईदुल रहमान ने जमीन पर अपना हक दर्शाते हुए 10 अप्रैल को कपिल कुमार और पुनीत कुमार के पक्ष में 15 लाख रुपये का रजिस्टर्ड एग्रीमेंट कराया। महेश चंद्र का आरोप है कि जमीन खाली करने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है और 10 लाख रुपये की मांग की जा रही है। रकम न देने पर झूठे मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। थाना पुलिस और एसपी को शिकायत देने के बाद कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल मोहित चौधरी ने बताया कि मोहम्मद शहनवाज सईदुल रहमान कोट पूर्वी, कपिल कुमार निवासी फरीदपुर भेंडी मुरादाबाद, पुनीत कुमार निवासी रामहट कैलसा अमरोहा, कुलदीप सिंह निवासी जैतपुर लोधी मुरादाबाद और सत्यवीर सिंह अतरासी की मढैंया अमरोहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।


