Sambhal News: जमीन विवाद में दो पक्ष भिड़े, लाठी-डंडे चले, छतों से हुआ पथराव; किशोरी समेत दो घायल
Sambhal News: गांव मेहुआ हसनगंज में जमीन के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। एक पक्ष द्वारा निर्माण कार्य शुरू करने पर दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया। हिंसक झड़प में एक किशोरी और युवक घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Sambhal News: थाना बबराला क्षेत्र के गांव मेहुआ हसनगंज में शुक्रवार को जमीन के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। मकान के सामने स्थित जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और छतों से ईंट-पत्थर चले। घटना में एक किशोरी और रिश्तेदारी में आया युवक घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गांव निवासी बिजेंद्र सिंह के घर रिश्तेदारी में आए राकेश और खुशबू नामक किशोरी मारपीट व पथराव की चपेट में आकर घायल हो गए।
दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद उस समय शुरू हुआ जब एक पक्ष मकान के सामने जमीन पर निर्माण कार्य करा रहा था। दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया, जिसके बाद कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। कुछ लोग छतों पर चढ़ गए और एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग खुलेआम लाठी-डंडे चलाते और छतों से पथराव करते दिखाई दे रहे हैं। एक पक्ष ने थाना बबराला में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी लवनीश चौधरी ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटना में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बबराला थाना प्रभारी लवनीश चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जसपाल पुत्र टुंडी, राकेश पुत्र भूरे सिंह, नेपाल पुत्र टुंडी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है, वायरल वीडियो की जांच की जा रही है जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


