Hindi NewsUttar-pradesh NewsSambhal NewsKartik Purnima Festival Millions Expected at Ganga Ghats with Enhanced Security Arrangements
कार्तिक पूर्णिमा आज, घाटों पर उमड़ेगी आस्था की भीड़, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

कार्तिक पूर्णिमा आज, घाटों पर उमड़ेगी आस्था की भीड़, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

संक्षेप:

Sambhal News - गुन्नौर में कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। घाटों पर भंडारे लगाए गए हैं, जिससे धार्मिक माहौल बना हुआ है।

Nov 05, 2025 01:17 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संभल
share Share
Follow Us on

गुन्नौर। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के पावन अवसर पर बुधवार को जिलेभर में आस्था का सैलाब उमड़ने की तैयारी पूरी हो चुकी है। गंगा तट राजघाट बबराला पर लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना के मद्देनज़र प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा की पुख्ता व्यवस्था कर ली है। मंगलवार को गुन्नौर सीओ डॉ. आलोक कुमार सिद्धू, थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान और बबराला सह प्रभारी बृजपाल सिंह ने राजघाट पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नगर पालिका के जिम्मेदारों को घाट पर अस्थाई शौचालय, स्नानागार और पेयजल जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। गंगा स्नान के दौरान भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

एक इंस्पेक्टर, पाँच सब-इंस्पेक्टर और लगभग 40 पुलिसकर्मी घाटों पर तैनात रहेंगे। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मी भी विशेष रूप से तैनात की गई हैं। एक प्लाटून पीएसी भी सुरक्षा में लगाई गई है। संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों की टीमें घाट पर मौजूद रहेंगी। थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। हर वर्ष की तरह इस बार भी बबराला राजघाट और नरौरा गंगा बैराज पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। श्रद्धालु गुन्नौर, बहजोई, चंदौसी, सहसवान, बदायूं सहित आसपास के जिलों से गंगा स्नान के लिए पहुंचेंगे। घाटों पर भंडारे भी लगाए गए हैं, जिससे धार्मिक माहौल पूरे क्षेत्र में व्याप्त है।