जागरूकता गोष्ठी में बाल श्रम के खिलाफ लिया संकल्प
अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस पर धामपुर शुगर मिल्स में बाल श्रम उन्मूलन के लिए एक जनजागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। सहायक श्रमायुक्त राम लखन पटेल ने बताया कि यदि सभी नागरिक जिम्मेदारी लें, तो 2027 तक बाल श्रम समाप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम में बाल श्रमिकों के पुनर्वास पर चर्चा हुई और लोगों से चाइल्ड लेबर की सूचना देने की अपील की गई।

अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर बाल श्रम उन्मूलन को लेकर एक महत्वपूर्ण जनजागरूकता गोष्ठी का आयोजन धामपुर शुगर मिल्स असमोली परिसर में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बाल श्रम के खिलाफ चेतना फैलाना और शासन के बाल श्रम मुक्त भारत के लक्ष्य को गति देना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक श्रमायुक्त राम लखन पटेल ने की। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक स्वयं जिम्मेदारी लेते हुए बाल श्रम के खिलाफ कदम उठाए। तो वर्ष 2027 तक इस समस्या का प्रभावी उन्मूलन संभव है। उन्होंने सभी सेवायोजकों से अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने की अपील भी की, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंच सके।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी मोहम्मद आजम ने विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई और बाल श्रमिकों के पुनर्वास हेतु चलाई जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चिन्हित बाल श्रमिकों को मुख्यधारा में लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बाल कल्याण समिति के सदस्य गौरव शर्मा ने पुनर्वास व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया। वहीं एएचटीयू प्रभारी निरीक्षक पवनवीर सिंह राणा ने बाल श्रम के खिलाफ पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। लिपिक ललित कुमार ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी बाल श्रम दिखाई दे, तो तुरंत श्रम विभाग को सूचित करें। कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि समाज मिलकर बाल श्रम के खिलाफ मजबूत अभियान चलाएगा और हर बच्चे को सुरक्षित व शिक्षित भविष्य दिलाएगा। इस दौरान लिपिक पुष्पेंन्द्र कुमार, शाहजेब अख्तर, हर्ष कुमार, विकास कुमार, करतार सिंह, एचआर रूद्र नारायण, वरिष्ठ विधि प्रबन्धक लोकेश कुमार, वृजेन्द्रपाल सिंह, शिराज अहमद आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


