एक साल बाद फिर तड़के डीएम–एसपी का बिजली चोरों पर बड़ा प्रहार, संभल में हड़कंप
Sambhal News - सोमवार तड़के जनपद में बिजली चोरी के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में 12 टीमों ने कई क्षेत्रों में दबिश दी। अवैध चार्जिंग स्टेशन और बिना मीटर के घरों की पहचान की गई। बिजली चोरी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जनपद में बिजली चोरी के खिलाफ सोमवार तड़के एक बार फिर प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई के नेतृत्व में सुबह करीब चार बजे 12 टीमों ने रायसत्ती, सरायतारीन, दीपा सराय, नखासा और हयातनगर क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से बिजली चोरों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान कई स्थानों पर अवैध रूप से चल रहे चार्जिंग स्टेशन पकड़े गए। बिना बिजली कनेक्शन ई-रिक्शा चार्ज करते मिले, जबकि कई घरों और दुकानों में बिजली मीटर तक नहीं पाए गए।
जांच में एक धार्मिक स्थल में भी अवैध बिजली चोरी का मामला सामने आया। जिन स्थानों पर चोरी की पुष्टि हुई, वहां विद्युत विभाग की ओर से तत्काल एफआईआर दर्ज कराने और कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। इस व्यापक कार्रवाई में एडीएम प्रदीप वर्मा, एएसपी (उत्तरी) कुलदीप सिंह, एसडीएम रामानुज, सीओ असमोली कुलदीप कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, डिप्टी कलेक्टर निधि पटेल, तहसीलदार धीरेन्द्र प्रताप सिंह और नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल सहित सात से आठ थानों की पुलिस, पीएसी, आरपीएफ और लेखपालों की टीमें तैनात रहीं। विद्युत विभाग की ओर से अधीक्षण अभियंता हिमांशु वाष्र्णेय, एक्सईएन नवीन गौतम, विभिन्न डिवीजनों के एसडीओ, जेई और लाइनमैन भी अभियान में शामिल रहे। गौरतलब है कि यह क्षेत्र सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क का इलाका माना जाता है। करीब डेढ़ साल पहले भी इसी तरह का बड़ा बिजली चेकिंग अभियान चलाया गया था। डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और 12 टीमें लगातार अभियान जारी रखेंगी। वहीं एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए चोरी करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




