Sambhal News: झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, गर्मी और उमस से मिली राहत

हिन्दुस्तान, संभल
Follow us on Google News
share

Sambhal News: बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली, जब तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई। इससे गरमी और उमस से राहत मिली, लेकिन कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव हो गया। निचले इलाकों की सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन किसानों के लिए यह बारिश फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी।

Sambhal News: झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, गर्मी और उमस से मिली राहत

Sambhal News: दिनभर की उमस और बादलों की आंख-मिचौली के बाद बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई। हालांकि बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बुधवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई थी। धूप नहीं निकलने के बावजूद उमस का असर कम नहीं हुआ और लोग पसीने व चिपचिपाहट से परेशान रहे। दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदला और आसमान में घने काले बादल छा गए।

इसके बाद तेज हवाओं के साथ शाम करीब छह बजे बारिश शुरू हुई, जो कुछ देर तक तेज गति से जारी रही। बारिश के कारण शहर के स्टेशन रोड, एसएम इंटर कॉलेज के सामने, गोलागंज, सीता रोड और मालगोदाम रोड समेत कई स्थानों पर पानी भर गया। निचले इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं। जलभराव के कारण सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ी। कई जगह वाहन धीमी गति से चलते नजर आए, जबकि राहगीरों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। बारिश के बाद मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया। तापमान में गिरावट आने से लोगों ने राहत की सांस ली। शाम को कई लोग घरों से बाहर निकले, वहीं बच्चों ने भी बारिश का जमकर आनंद लिया। उधर, किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। किसानों का कहना है कि वर्तमान समय में हुई बारिश धान, मक्का और अन्य खरीफ फसलों के लिए लाभदायक साबित होगी। खेतों में नमी आने से फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।