Sambhal News: बिजली सब-स्टेशन पर हंगामा, शटडाउन के दौरान जबरन लाइन चालू कराने की कोशिश
Sambhal News: गुन्नौर बिजली उपकेंद्र के कर्मचारियों ने ईशमपुर निवासी मोहित यादव के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पुलिस को दी। आरोप है कि उसने फीडर में खराबी के दौरान बिजली चालू कराने का दबाव बनाया और कर्मचारियों को धमकाया। बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

Sambhal News: गुन्नौर। विद्युत उपकेन्द्र गुन्नौर के तहत आने वाले समस्त उपकेन्द्र परिचालकों ने सरकारी काम में बाधा डालने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। गुन्नौर क्षेत्र के गांव ईशमपुर निवासी मोहित यादव पुत्र शम्भू पर आरोप है कि उसने 07 अक्तूबर की रात करीब 9:10 बजे गुन्नौर बिजली घर के सरकारी नंबर पर फोन किया। उसने कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बनाकर 11000 वोल्ट के ईशमपुर फीडर को जबरदस्ती चालू कराने का प्रयास किया। शिकायती पत्र में बताया गया कि उस समय ईशमपुर फीडर पर ब्रेकडाउन था, जिसके चलते लाइनमैन महावीर द्वारा शटडाउन लेकर लाइन को गाजीपुर में 11000 वोल्ट के तार से जोड़ा जा रहा था।
आरोपी को इस बात की जानकारी पहले ही दे दी गई थी कि इस स्थिति में लाइन चालू करना पूरी तरह असंभव है।आरोप है कि मना करने के बावजूद मोहित यादव लगातार फोन करके सरकारी कार्य में बाधा डालता रहा। उसने खुद को एक राजनीतिक पार्टी से जुड़ा हुआ बताते हुए कर्मचारियों को अभद्र और अमर्यादित भाषा में गालियां दीं। आरोपी ने उपकेन्द्र परिचालक को बीच चौराहे पर नंगा करके मारने की धमकी दी। नौकरी से निकलवाने और जान से मारने की बात कही। लाइनमैन को गांव में मिलने पर देख लेने की धमकी दी। कर्मचारियों का कहना है कि आरोपी के इस व्यवहार से फील्ड स्टाफ में भारी डर का माहौल है। इस पूरी बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग सरकारी सीयूजी नंबर पर सुरक्षित है, जिसे सबूत के तौर पर पुलिस को दिया गया ।गुन्नौर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मोहित के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज ।

