
व्यापारी संवाद कार्यक्रम में जीएसटी सुधारों पर की चर्चा
Sambhal News - संभल में डायमंड होटल में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें व्यापारियों को जीएसटी के नए प्रावधानों और सुधारों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं का समाधान किया, जिससे व्यापारियों में संतोष देखने को मिला। कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों और अधिवक्ताओं को सम्मानित भी किया गया।
संभल। संयुक्त आयुक्त राज्यकर संभाग ए मुरादाबाद मोहित गुप्ता की अध्यक्षता में शनिवार को संभल के डायमंड होटल में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों, उद्यमियों एवं कर विशेषज्ञों को जीएसटी से जुड़े नवीन प्रावधानों, सुधारों और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही व्यापारियों ने कार्यक्रम में अधिकारियों के समक्ष समस्याओं को रखा। उपायुक्त राज्य कर संभल लल्लन प्रसाद यादव ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि व्यापारी संवाद कार्यक्रम विभाग और व्यापारियों के बीच संवाद को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम है। मुरादाबाद से आए उपायुक्त राज्य कर उत्तम कुमार तिवारी ने पीपीटी के माध्यम से जीएसटी पंजीयन, रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया, टीडीएस एवं टीसीएस, व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना, ईंट भट्टा उद्योग से संबंधित प्रावधान तथा जीएसटी 2.0 के अंतर्गत किए गए सुधारों और उनके लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने व्यापारियों को समय पर रिटर्न दाखिल करने एवं विभागीय सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न व्यापारी संगठनों, उद्यमियों, अधिवक्ताओं एवं चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ने अपनी-अपनी समस्याएं मंच के समक्ष रखीं। उपस्थित राज्य कर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। जिससे व्यापारियों में संतोष देखने को मिला। कार्यक्रम में विभिन्न व्यापारी संगठनों एवं अधिवक्ता संघ के सदस्यों को उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त बीरेन्द्र कुमार, बब्बू यादव, धर्मेन्द्र कुमार, सहायक आयुक्त गिरीश चन्द्र सिंह, विजय सिंह, राज्य कर अधिकारी इन्द्रजीत सिंह, ऋषिपाल सिंह सहित महिला उद्यमी शालिनी, डॉ. अरविन्द कुमार गुप्ता, संजय कोहली, मुकेश सिंघल, ताहिर सलामी, कमल कौशल, अधिवक्ता संघ की ओर से मुशफिक हुसैन व राजू रस्तोगी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




