धारा 308 लगवाने के नाम पर 35 हजार रुपये ऐंठे, रिपोर्ट दर्ज
Sambhal News - गुन्नौर के गांव गढ़िया के श्यौराज सिंह से एक व्यक्ति ने धारा 308 लगाने के लिए 35 हजार रुपये ठग लिए। आरोपी संजय लंबरदार ने अस्पताल में अपनी पहचान बताकर भरोसा दिलाया। काम न होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई।

गुन्नौर थाना के गांव गढ़िया निवासी श्यौराज सिंह से धारा 308 लगवाने पर 35 हजार रुपये की ठगी कर ली। काम न होने पर पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया निवासी श्यौराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व हुए विवाद में वह घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी मुलाकात पतेई कायस्थ निवासी संजय लंबरदार से हुई। आरोप है कि संजय ने अस्पताल में अपनी पहचान और पहुंच का हवाला देते हुए मामले में धारा 308 लगवाने का भरोसा दिलाया।
आरोपी ने इस काम के एवज में 35 हजार रुपये की मांग की। आरोपी के झांसे में आकर श्योराज और उसके परिजनों ने 5 हजार रुपये नकद तथा 30 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। रकम लेने के बाद भी आरोपी द्वारा काम नहीं कराया। जब उसने आरोपी से कई बार पैसे वापस मांगे, तो वह लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में पैसे लौटाने से साफ इंकार कर दिया और अभद्रता व गाली-गलौज पर उतर आया। उसके बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल राजीव मलिक ने बताया कि संजीव लंबरदार के खिलाफ मुकदमा मुकदमा दर्ज किया है। यदि लेनदेन के डिजिटल साक्ष्य और अन्य प्रमाण सही पाए जाते हैं, तो आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


