हैंडीक्राफ्ट कारखाने में लगी भीषण आग, केमिकल के ड्रम फटने से दहला इलाका

हैंडीक्राफ्ट कारखाने में लगी भीषण आग, केमिकल के ड्रम फटने से दहला इलाका

संक्षेप:

Sambhal News - संभल के हयातनगर में बुधवार को एक हैंडीक्राफ्ट कारखाने में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग के दौरान केमिकल के ड्रम फटने से हड़कंप मच गया। दमकल विभाग ने करीब ढाई घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन कारखाने में रखे सामान जल गए। जांच जारी है।

Nov 13, 2025 01:30 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संभल
share

संभल। हयातनगर थानांतर्गत सरायतरीन के मोहल्ला भूड़ा में बुधवार को करीब 11 बजे हैंडीक्राफ्ट कारखाने में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग लगते ही कारखाने में काम कर रहे कारीगर व मजदूरों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग की चपेट में आने से कारखाने में रखे केमिकल के ड्रम तेज धमाकों के साथ फटने लगे, तो मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सरायतरीन के मोहल्ला होली चौक निवासी वसीम और अजीम का मोहल्ला भूड़ा में नेचुरल इंपेक्स नाम से हैंडीक्राफ्ट कारखाना चल रहा है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

कारखाना चलाने के लिए उन्होंने इंतजार के मकान को किराए पर लिया था। करीब एक हजार स्क्वायर फुट में बने दो मंजिला मकान में संचालित हो रहे कारखाने में 15-20 कारीगर और मजदूर काम कर रहे थे। बुधवार को करीब 11 बजे कारखाने में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। अचानक आग लगने पर कारीगर व मजदूरों ने बुझाने का प्रयास किया लेकिन कारखाने में रखे केमिकल के ड्रम तेज धमाकों के साथ फटने लगे। केमिकल के ड्रम फटने व अंदर रखे ज्वलनशील पदार्थ से आग तेजी से कारखाने में फैल गई और आग की तेज लपटें व धुएं का गुबार आसमान की तरफ उठने लगा। जान बचाकर कारीगर और मजदूर मौका पाकर वहां से भाग गए। मौके पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई। जानकारी पाकर थाना प्रभारी उमेश सोलंकी और अग्निशमन विभाग की टीम दमकल लेकर मौके पर पहुंच गई। कारखाने के आसपास के करीब 20 मकानों को पुलिस ने एहतियातन खाली करा दिया। अग्निशमन विभाग की टीम ने कारखाने के पास नफीस के घर की तरफ से कारखाने की दीवार को गिराया और उस तरफ से पानी की बौछार कर आग बुझाने के काम में जुट गई, लेकिन विकराल हो चुकी आग पर दमकल की टीम नियंत्रण पाने में असफल रही, तो बहजोई, गुन्नौर और चन्दौसी से भी दमकल मंगा ली गईं। सभी दमकलों ने कारखाने को दोनों तरफ से घेरा और 25 से अधिक दमकलकर्मियों ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन कारखाने में हैंडीक्राफ्ट आइटम व केमिकल आदि सामान जल गया। आधा किलोमीटर क्षेत्र में दमघोंटू हवा फैल गई। सीओ आलोक भाटी भी मौके पर पहुंच गए और कई घंटे मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था संभाली। सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की। करीब 12 बजे अग्निशमन विभाग की टीम को भूड़ा मोहल्ले में कारखाने में आग लगने की सूचना मिली। कारखाने में हड्डी-सींग, लकड़ी आदि से प्रोडक्ट बनाए जा रहे थे। कारखाने को चारों तरफ से घेरकर चार दमकलों की मदद से बुझाया गया। जिले की सभी दमकलों के साथ मुरादाबाद की गाड़ियों से भी मदद मांगी गई लेकिन हमारी गाड़ियों ने ही काबू पा लिया। कारखाने में हुए नुकसान का आंकलन करेंगे, फायर की एनओसी व नुकसान की जांच करेंगे। केके ओझा, सीएफओ