आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को रास्ते में रोका शव वाहन, हंगामा
अहरोला नवाजी गांव के किसान विनेश कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को संभाला और समझौता होने के बाद अंतिम संस्कार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

थाना क्षेत्र के गांव अहरोला नवाजी निवासी किसान विनेश कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मंगलवार को पोस्टमार्टम उपरांत शव गांव पहुंचते ही माहौल भावुक हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर काशीपुर मोड़-अहरौला नवाजी लिंक मार्ग पर शव वाहन रोक दिया और हंगामा किया। हालांकि परिजनों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखी, जिसके चलते मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित नहीं हुआ और वाहन धीरे-धीरे गुजरते रहे। ग्रामीण लगातार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। अंतिम संस्कार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस लाइन के अलावा थाना बबराला और जुनावई का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया।
वहीं नायब तहसीलदार अनुज कुमार भी मौके पर पहुंच गए और परिजनों से बातचीत की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतक के परिवार को समझाने का प्रयास किया। देर शाम आरोपी पक्ष और मृतक परिवार के बीच समझौता हो गया। बता दें कि अहरोला नवाजी निवासी किसान विनेश कुमार की गंगा किनारे बालू लेने जाने के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने अवैध खनन से जुड़े लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रही है। सूत्रों की बात करें तो विनेश की पीएम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने की मौत होने की चर्चा है। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि मौत स्वयं हुई है। लोगों ने बेवजह जाम लगाया है। जाम लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


