
खेत में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से किसान की मौत
Sambhal News - शनिवार सुबह सैंजना मुस्लिम गांव में हाईटेंशन लाइन टूटने से किसान भूरे सिंह की मौत हो गई। मृतक खेतों की रखवाली के लिए झोपड़ी में रात बिताते थे। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच की जा रही है।
क्षेत्र के गांव सैंजना मुस्लिम में शनिवार सुबह हाईटेंशन लाइन टूटने से किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान भूरे सिंह (55) पुत्र रूपराम के रूप में हुई। घटना से मृतक के परिजनों और क्षेत्रवासियों में आक्रोश फैल गया है, जबकि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। भूरे सिंह रोजाना की तरह अपने खेतों की रखवाली के लिए झोपड़ी नुमा मचान पर रात बिताते थे। शनिवार सुबह अचानक खेत के चारों ओर लगी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया और चिंगारी उठने लगी, जैसे ही किसान उस तरफ गया, वह तार की चपेट में आ गया।
मौके पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तार कई दिन से खराब हालत में पड़ा था, लेकिन विद्युत विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। क्राइम इंस्पेक्टर बलराम यादव ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कहा कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन मामले की जांच की जाएगी। प्रशासन ने भी हादसे को गंभीरता से लिया है और कहा कि हाईटेंशन लाइनों की नियमित निगरानी और रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल तार की मरम्मत और सुरक्षा उपायों की मांग की है। परिजन ने कहा कि यदि तार समय पर ठीक किया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है। गुन्नौर एसडीओ ने बताया कि नमी के कारण एवं टेक्निकल फाल्ट की वजह से तार टूट कर गिरा है। मौके पर टीम भेज कर तार को जुड़वा दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर जो मुआवजा है वह दिलवाया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




