संभल में पहली बार पांच महिला दरोगा और हेड कांस्टेबलों को चौकियों की कमान
Sambhal News - जिले की पुलिस व्यवस्था में पहली बार महिला दरोगाओं और साइबर एक्सपर्ट हेड कांस्टेबलों को चौकी इंचार्ज की जिम्मेदारी दी गई है। इस फैसले से महिला सशक्तिकरण को बल मिलेगा और तकनीकी पुलिसिंग की दिशा में एक कदम आगे बढ़ा जाएगा। चयन योग्यता और कार्यकुशलता के आधार पर किया गया है।

जिले की पुलिस व्यवस्था में पहली बार ऐसा बदलाव देखने को मिला है। इसने न सिर्फ महिला सशक्तिकरण को नई मजबूती मिलेगी बल्कि तकनीक आधारित पुलिसिंग की दिशा में भी एक अहम कदम होगा। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने जिले में एक साथ पांच महिला दरोगा और पांच हेड कांस्टेबलों को चौकी इंचार्ज की जिम्मेदारी सौंपी है। खास बात यह है कि चयनित हेड कांस्टेबल साइबर क्राइम की अच्छी जानकारी रखते हैं और परीक्षा व इंटरव्यू में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर चुना गया है। पुलिस विभाग में इस फैसले को बड़े प्रशासनिक बदलाव और प्रयोग के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से आम जनता खासकर महिला फरियादियों का भरोसा भी मजबूत होगा।
इन पांच महिला दरोगाओं को मिली चौकी की जिम्मेदारी
-थाना रायसत्ती में तैनात उपनिरीक्षक कुसुमलता शर्मा को कैलादेवी थाने की ठाठी चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
-गुन्नौर थाने की गुरजिंदर कौर को कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र की रतनपुर चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
-जुनावई थाने में तैनात रेशू मलिक को काशीपुर चौकी इंचार्ज बनाया गया है।
-हयातनगर की उपनिरीक्षक रितू गिरी को रसूलपुर धतरा चौकी की कमान दी गई है।
-चन्दौसी कोतवाली में तैनात आरती सिसौदिया को खुर्जागेट चौकी इंचार्ज नियुक्त किया गया है।
साइबर एक्सपर्ट हेड कांस्टेबल भी बने चौकी इंचार्ज
पुलिस लाइन में तैनात अरशद खान को मनोटा चौकी की जिम्मेदारी दी गई है।
ऐंचोड़ा कंबोह के तेज सिंह को भवालपुर चौकी प्रभारी बनाया गया है।
हजरतनगर गढ़ी में तैनात रूचिन को बहापुर पट्टी चौकी की कमान मिली है।
स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल सोवरन सिंह को नवीन पुलिस लाइन बहजोई चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
वहीं योगेश कुमार को भकरौली चौकी इंचार्ज नियुक्त किया गया है।
इन सभी हेड कांस्टेबलों की खासियत यह है कि ये साइबर क्राइम और तकनीकी जांच में दक्ष माने जाते हैं।
परीक्षा और इंटरव्यू के बाद हुआ चयन
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि यह चयन केवल वरिष्ठता के आधार पर नहीं बल्कि योग्यता, कार्यशैली और तकनीकी दक्षता को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले के 20 से अधिक हेड कांस्टेबलों का इंटरव्यू लिया गया था, जिसमें साइबर अपराध की समझ, कानून व्यवस्था संचालन और व्यवहारिक क्षमता को परखा गया। चयनित पांचों हेड कांस्टेबल ग्रेजुएट हैं और पूर्व में भी कई महत्वपूर्ण मामलों में बेहतर कार्य कर चुके हैं। यूपी रेगुलेशन एक्ट-58 के तहत इन चौकी प्रभारियों को सीमित प्रशासनिक अधिकार दिए गए हैं। हालांकि वे विवेचना का कार्य नहीं करेंगे, लेकिन चौकी संचालन, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शिकायतों के निस्तारण और क्षेत्रीय निगरानी जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभाएंगे।
महिला सशक्तिकरण और बेहतर पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पांच महिला दरोगाओं और साइबर क्राइम में दक्ष पांच हेड कांस्टेबलों को चौकी प्रभारी बनाया गया है। चयन योग्यता और कार्यकुशलता के आधार पर किया गया है, जिससे कानून व्यवस्था और शिकायत निस्तारण को और प्रभावी बनाया जा सके।
- कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी, संभल।
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


