Sambhal News: राम वनवास का मंचन देख भर आईं श्रद्धालुओं की आंखें
Sambhal News: बनियाठेर के गांव नेहटा में चल रही रामलीला के पांचवें दिन कैकेयी और दशरथ के संवाद का भावुक मंचन हुआ। राम का वनवास देखकर दर्शक भावुक हो गए। कथा वाचक ने बताया कि कैसे कैकेयी ने राम को वनवास और भरत को राजपाट देने की मांग की। इस दृश्य ने सभी को भावुक कर दिया।

Sambhal News: बनियाठेर, संवाददाता। थाना बनियाठेर क्षेत्र की चौकी आटा के गांव नेहटा में चल रही रामलीला के पांचवें दिन कलाकारों ने कैकेयी-दशरथ संवाद और भगवान श्रीराम के वनवास का मार्मिक मंचन किया। मंच पर जैसे ही श्रीराम के वन जाने का दृश्य सामने आया, रामलीला देखने पहुंचे श्रद्धालु भावुक हो उठे और कई लोगों की आंखें भर आईं। कथा वाचक श्री निवास ने प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि भगवान श्रीराम की बारात अयोध्या लौटने के बाद नगर में उनके राजतिलक की तैयारियां शुरू हो गई थीं। पूरे नगर को सजाया गया और राजतिलक की घोषणा कर दी गई। कथा के अनुसार, देवताओं को चिंता हुई कि यदि श्रीराम का राजतिलक हो गया तो राक्षसों का वध कैसे होगा।
इसके बाद माता सरस्वती ने मंथरा की बुद्धि को प्रभावित किया। मंथरा ने कैकेयी को समझाकर राजा दशरथ से उनके पूर्व में दिए गए दो वरदान मांगने के लिए तैयार कर लिया। कैकेयी ने पहला वरदान श्रीराम को 14 वर्ष का वनवास और दूसरा भरत को अयोध्या का राजपाट देने का मांगा। कैकेयी की मांग सुनकर राजा दशरथ व्याकुल हो गए और दुख के कारण बेहोश होकर गिर पड़े। पिता के वचन की मर्यादा रखते हुए श्रीराम ने वन जाने का निर्णय लिया। उनके साथ माता सीता और भाई लक्ष्मण भी वन के लिए रवाना हो गए। यह दृश्य देखकर रामलीला मैदान में मौजूद दर्शक भावुक हो गए। कार्यक्रम के दौरान कथा वाचक, रामलीला कमेटी के सदस्य, ग्रामीण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

