Elderly Couple Dies as Roof Collapses in Rainy Incident in Baniyakhreda Village बरामदे की कच्ची छत गिरने से बुजुर्ग दंपति की मौत, Sambhal Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsSambhal NewsElderly Couple Dies as Roof Collapses in Rainy Incident in Baniyakhreda Village

बरामदे की कच्ची छत गिरने से बुजुर्ग दंपति की मौत

Sambhal News - बनियाखेड़ा गांव में बारिश के कारण एक मकान की कच्ची छत गिर गई, जिससे बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई। शनिवार रात सोते समय अचानक छत गिरने से दंपति मलबे में दब गए। रविवार सुबह ग्रामीणों ने उनकी शवों को बाहर...

Newswrap हिन्दुस्तान, संभलMon, 30 Dec 2024 01:20 AM
share Share
Follow Us on
बरामदे की कच्ची छत गिरने से बुजुर्ग दंपति की मौत

बनियाठेर थाना क्षेत्र के बनियाखेड़ा गांव में बारिश के कारण शनिवार देर रात एक मकान की कच्ची छत भरभराकर गिर पड़ी। इसके मलबे में दबकर बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई। रविवार सुबह ग्रामीणों को हादसे की जानकारी हुई। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे दंपति के शवों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। बाद में परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शवों को सुपुर्दे खाक कर दिया। बनियाखेड़ा गांव के शेर मोहम्मद (67 वर्ष) का नई मस्जिद के पास घर है। घर में वे अपनी साठ वर्षीय पत्नी बनारसी के साथ रहते थे। शेर मोहम्मद ने कमरे के बाहर बने बरामदे पर सीमेंट के गर्डर पर मिट्टी और बांस डालकर छत बना रखी थी। शनिवार देर रात दंपति बरामदे में सो रहे थे। रात में किसी समय अचानक छत भरभराकर गिर पड़ी। दंपति इसके मलबे में दब गए। रात में आसपास के लोगों को हादसे की भनक तक नहीं लगी। रविवार सुबह सात बजे पड़ोसी फरमान ने जब बरामदे की छत गिरी देखी तो उसने शोर मचाया। इस पर यहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दंपति को किसी तरह से मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार रात हुई बारिश के कारण छत की मिट्टी गीली हो चुकी थी। जिसके चलते सीमेंट के गर्डर का वजन नहीं सह सके और भरभराकर गिर गए। हादसे की सूचना मिलने पर थाना बनियाठेर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दंपति के तीन बेटियां व एक बेटा हैं। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है जबकि बेटा बच्चों के साथ दिल्ली में रहता है। हादसे के बाद बेटे और बेटियों को सूचित कर दिया गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। बाद में परिजनों ने दंपति का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। दोपहर एक बजे बेटा मोहम्मद रूम गांव पहुंचा। इसके बाद दोनों को सुपुर्दे खाक कर दिया गया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।