ईद की नमाज में गूंजा अमन और भाईचारे का पैगाम
Sambhal News - ईद उल अजहा के मौके पर जनपद में लाखों लोगों ने एक साथ नमाज अदा की और अमन, खुशहाली की दुआ मांगी। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए, जिसमें सीसीटीवी और ड्रोन की निगरानी शामिल थी। ईदगाहों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त रखी गई। सभी ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।

ईद उल अजहा के मौके पर जनपद भर में अकीदत और उत्साह का माहौल देखने को मिला। जनपद की 728 मस्जिदों और 107 ईदगाहों में लाखों लोगों ने एक साथ नमाज अदा कर खुदा की बारगाह में अमन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पूरे जनपद को 5 जोन और 18 सेक्टर में बांटकर पुलिस, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी रखी गई।
संभल ईदगाह पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए डीएम और एसपी भी पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं नगर पालिका की ओर से साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए वार्डवार रोस्टर बनाकर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, जिससे ईदगाहों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनी रही।ईद उल अजहा का पर्व पूरे जनपद में शांति, सौहार्द और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


