Sambhal News: ईद मिलादुन्नबी पर सुरक्षा का खाका तैयार, जुलूस मार्गों पर रहेगा कड़ा पहरा
Sambhal News: ईद मिलाद्न्नबी पर्व बुधवार को जिलेभर में उत्साह के साथ मनाया जाएगा। सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है, जुलूस मार्गों पर पुलिस एवं पीएसी तैनात रहेंगे। एसपी ने जुलूस के दौरान सतर्कता बरतने के निर्देश दिए और स्थानीय लोगों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की।

Sambhal News: ईद मिलाद्न्नबी पर्व बुधवार को जिलेभर में परंपरागत उत्साह के साथ मनाया जाएगा। पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया है। जुलूस मार्गों पर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भी जुलूस की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। मंगलवार शाम पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी संभल पहुंचे। उन्होंने शहर के शंकर कॉलेज चौराहा पर पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए मिलादुन्नबी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि जुलूस के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहे।
इसके बाद एसपी ने जुलूस मार्गों का पैदल भ्रमण कर मौके पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने सदर कोतवाली, नखासा और रायसत्ती थाने के पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में पैदल गश्त की। इस दौरान स्थानीय लोगों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली और पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। एसपी ने कोतवाली मार्ग से लेकर सर्राफा बाजार, मोहल्ला ठेर, आर्य समाज, छंगामल कोठी, खग्गू सराय, नखासा चौराहा और दीपा सराय समेत कई इलाकों का निरीक्षण किया। जुलूस मार्ग पर आने वाले प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी तथा निगरानी व्यवस्था को परखा गया। इस दौरान एएसपी कुलदीप सिंह, सीओ कुलदीप कुमार, कोतवाल मोहित चौधरी, रायसत्ती थानाध्यक्ष सौरभ त्यागी और नखासा थानाध्यक्ष संजय कुमार समेत पुलिस बल मौजूद रहा।


