Sambhal News: जिला पंचायत की कमान फिर अनामिका यादव के हाथ, प्रशासक बनाई गईं
Sambhal News: बहजोई में, जिला पंचायत का कार्यकाल 11 जुलाई को समाप्त होने के बाद, शासन के निर्देश पर डॉ. अनामिका यादव को प्रशासक नियुक्त किया गया है। यह निर्णय आगामी जिला पंचायत चुनाव-2026 की तैयारियों और प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने हेतु लिया गया है। उन्हें नीति संबंधी निर्णय लेने का अधिकार नहीं होगा।

Sambhal News: बहजोई, संवाददाता। जिला पंचायत का कार्यकाल 11 जुलाई को समाप्त होने के बाद शासन के निर्देश पर निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ अनामिका यादव को जिला पंचायत का प्रशासक नियुक्त किया गया है। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए उन्हें 12 जुलाई से नई जिला पंचायत की प्रथम बैठक तक अथवा अधिकतम छह माह की अवधि के लिए प्रशासक नामित किया है।शासन के पंचायती राज अनुभाग-2 के जारी आदेश के मुताबिक जिला पंचायतों के सामान्य निर्वाचन-2026 के बाद नवगठित जिला पंचायत की पहली बैठक होने तक प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
उत्तर प्रदेश क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत अधिनियम, 1961 के प्रावधानों के तहत अपरिहार्य परिस्थितियों व लोकहित में ऐसी व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रशासक के रूप में अनामिका यादव केवल जिला पंचायत के सामान्य एवं नियमित कार्यों का ही संचालन करेंगी। उन्हें किसी भी प्रकार के नीति संबंधी निर्णय लेने का अधिकार नहीं होगा। यदि अत्यावश्यक परिस्थितियों में किसी नीति संबंधी निर्णय की आवश्यकता होगी तो, उसका प्रस्ताव जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा और शासन की स्वीकृति मिलने के बाद ही उस पर अमल किया जाएगा। जिला प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था जिला पंचायत के कार्यों में निरंतरता बनाए रखने तथा नई जिला पंचायत के गठन तक प्रशासनिक कार्य सुचारु रूप से संचालित करने के उद्देश्य से लागू की गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


