डीजे पर डांस को लेकर शादी में बवाल, मेहमान और ग्रामीणों में मारपीट, मुकदमा दर्ज
Sambhal News - शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस को लेकर विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। गांव के कुछ लोग और मेहमान आमने-सामने आए, जिससे शादी का माहौल तनावपूर्ण हो गया। पीड़ित ने थाना असमोली में तहरीर दी, पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

संभल। जनपद के असमोली थाना क्षेत्र के गांव मदाला फतेहपुर में एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना में मेहमान और गांव के कुछ लोग आमने-सामने आ गए, जिससे शादी का माहौल तनावपूर्ण हो गया।नोएडा निवासी सुरेंद्र पुत्र प्यारेलाल अपने मामा राजू के यहां शादी समारोह में शामिल होने गांव मदाला फतेहपुर आए हुए थे। रात के समय जब शादी में डीजे पर डांस चल रहा था, उसी दौरान गांव के अरकान, फुरकान, ताहिर और ततहीर मौके पर पहुंचे और किसी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शादी समारोह में मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। पीड़ित सुरेंद्र ने घटना के संबंध में थाना असमोली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव मदाला फतेहपुर के चारों आरोपियों के खिलाफ मारपीट और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


