मानक से अधिक शुल्क वसूलने पर 15 स्कूलों पर कार्रवाई, अतिरिक्त राशि लौटाने के निर्देश
Sambhal News - संभल। जिले में संचालित सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध निजी विद्यालयों द्वारा निर्धारित मानकों

जिले में संचालित सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध निजी विद्यालयों द्वारा निर्धारित मानकों से अधिक कम्पोजिट शुल्क वसूलने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। स्कूल प्रबंधन को ली गई अतिरिक्त शुल्क की धनराशि छात्र छात्राओं को लौटाने के आदेश दिए गए हैं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 30 अप्रैल 2026 को आयोजित जिला शुल्क नियामक समिति की बैठक में मामले की विस्तृत समीक्षा की गई। जांच में पाया गया कि जिले के 14 सीबीएसई एवं एक आईसीएसई विद्यालय सहित कुल 15 स्कूलों ने शैक्षिक सत्र 2025-26 में छात्र-छात्राओं से तय मानकों से अधिक शुल्क लिया। इस संबंध में सभी संबंधित विद्यालयों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया।
नोटिस के अनुपालन में विद्यालय प्रबंधन द्वारा लिखित प्रत्यावेदन प्रस्तुत किए गए। इसके बाद जिलाधिकारी द्वारा दोबारा सुनवाई की गई। सुनवाई के बाद 2 मई को सभी विद्यालयों के प्रत्यावेदन निरस्त कर दिए गए। जिलाधिकारी ने आदेश जारी करते हुए कहा कि विद्यालयों द्वारा अधिक वसूली गई शुल्क राशि का समायोजन वर्तमान शैक्षिक सत्र 2026-27 में अध्ययनरत छात्रों की फीस में किया जाएगा। वहीं, जो छात्र-छात्राएं विद्यालय छोड़ चुके हैं, उन्हें संबंधित अतिरिक्त शुल्क की धनराशि वापस की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अभिभावकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


