गुन्नौर में 110 शिकायतों में एक का भी निस्तारण नहीं
Sambhal News - गुन्नौर तहसील सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 110 शिकायतें दर्ज की गईं, लेकिन किसी का भी मौके पर निस्तारण नहीं हुआ। फरियादियों में निराशा फैली। संभल और चंदौसी में भी शिकायतों का समाधान नहीं हो सका, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।

संभल/गुन्नौर/चंदौसी। गुन्नौर तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 110 शिकायतें दर्ज की गईं, लेकिन एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। सभी फरियादियों को निराश होकर लौटना पड़ा। गुन्नौर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में कुल 119 फरियादी पहुंचे, जिनमें से 110 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें राजस्व विभाग 51, पुलिस विभाग 24, ग्राम विकास 7 पूर्ति विभाग 6, विद्युत 6, चकबंदी 5, बैंक 3, शिक्षा 3 व स्वास्थ्य विभाग की दो शिकायतें आई। हालांकि मौके पर एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हुआ। सभी शिकायती पत्र संबंधित विभागों को भेजते हुए जल्द निस्तारण के निर्देश दिए गए।
संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम अवधेश कुमार, सीओ आलोक कुमार सिद्धू, तहसीलदार रविंद्र विक्रम, सीएमओ तरुण पाठक, नायब तहसीलदार अर्जुन कुमार व उदयवीर सिंह, बीडीओ कमलराज सिंह, रजपुरा व धनारी के थाना प्रभारी, गुन्नौर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अमरेश तिवारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। संभल तहसील में एसडीएम रामानुज की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में 29 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से सिर्फ एक राजस्व शिकायत का निस्तारण हो सका। चन्दौसी तहसील सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रदीप कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 45 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से 6 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। यहां भी राजस्व, पुलिस और चकबंदी से जुड़ी शिकायतें सबसे अधिक रहीं। गुन्नौर और संभल में समाधान दिवस के दौरान निस्तारण न होने से फरियादियों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि हर बार आश्वासन तो मिलते हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं होता।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


