Sambhal News: भागवत कथा में धुंधकारी प्रसंग सुनकर भावविभोर हुए श्रद्धालु
Sambhal News: काफूरपुर, संवाददाता। विकास खंड संभल के गांव अलिया कल्याणपुर में लोकेश कुमार की आवास पर

Sambhal News: विकास खंड संभल के गांव अलिया कल्याणपुर में लोकेश कुमार की आवास पर आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के दूसरे दिन शुक्रवार की रात कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कथा व्यास पुरुषोत्तम कृष्ण शास्त्री ने धुंधकारी की कथा का मार्मिक प्रसंग सुनाकर श्रद्धालुओं को भक्ति और सदाचार का संदेश दिया। कथा व्यास ने बताया कि धुंधकारी अपने दुष्कर्मों के कारण मृत्यु के बाद प्रेतयोनि में चला गया था। उसके भाई गोकर्ण ने श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन कर विधिपूर्वक उसका श्रवण कराया। कथा के प्रभाव से धुंधकारी को प्रेतयोनि से मुक्ति मिली और उसे भगवान की शरण प्राप्त हुई।
इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने समझाया कि सच्चे मन से भागवत कथा का श्रवण करने और धर्म के मार्ग पर चलने से मनुष्य के पापों का नाश होता है।कथा के दौरान पंडित प्रेम भारद्वाज ने मधुर भजनों एवं संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान की अमृतवर्षा कराई। कथा प्रसंगों के दौरान पंडाल में भक्ति का माहौल बना रहा और श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए कथा में तल्लीन नजर आए। कथा व्यास ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मनुष्य को धर्म, सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। इसके श्रवण से मन को शांति और जीवन को सही दिशा मिलती है।कथा आयोजन में परीक्षित, लोकेश कुमार के साथ गिरेंद्र सिंह, सौरभ शर्मा, जयवीर सिंह, यशवीर सिंह, कविंदर सिंह, विपिन कुमार आदि का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने का आह्वान किया।


