Sambhal News: भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति और श्रीराम जन्मोत्सव की कथा सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु
Sambhal News: अखबंदपुर के काली देवी मंदिर में नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन कथावाचक प्रेम बिहारी शास्त्री ने भक्त प्रह्लाद, राजा बलि और भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के प्रसंग सुनाए। उन्होंने भक्ति, दान, वचनपालन, विनम्रता और मर्यादा का संदेश दिया। भजन गायक राजवीर सिंह की प्रस्तुतियों से श्रद्धालु भावविभोर हुए। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Sambhal News: काफूरपुर, संवाददाता। विकासखंड असमोली क्षेत्र के गांव अखबंदपुर स्थित काली देवी मंदिर में चल रही नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन गुरुवार रात श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए। कथावाचक प्रेम बिहारी शास्त्री मथुरा ने भक्त प्रह्लाद, राजा बलि और भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव सहित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। भजन गायक राजवीर सिंह की मधुर प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कथावाचक प्रेम बिहारी शास्त्री ने भक्त प्रह्लाद का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि राक्षसराज हिरण्यकश्यप के विरोध और तमाम कठिनाइयों के बावजूद प्रह्लाद की भगवान विष्णु के प्रति भक्ति अडिग रही। उनका जीवन सच्ची श्रद्धा, विश्वास और समर्पण की प्रेरणा देता है।
इसके बाद राजा बलि और भगवान विष्णु के वामन अवतार का वर्णन करते हुए उन्होंने दान, त्याग और वचन निभाने के महत्व पर प्रकाश डाला। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का प्रसंग सुनते ही कथा पंडाल में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह छा गया। कथावाचक ने कहा कि भगवान श्रीराम मर्यादा, सत्य, त्याग और आदर्श जीवन के प्रतीक हैं। उनके जीवन से माता-पिता, गुरु और समाज के प्रति कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने भगवान श्रीराम के ताड़का वध, अहिल्या उद्धार, जनकपुर में शिव धनुष भंग और माता सीता के साथ विवाह के प्रसंग भी सुनाए। शिव धनुष भंग की कथा के माध्यम से उन्होंने अहंकार त्यागने और विनम्रता अपनाने का संदेश दिया। वहीं, श्रीराम-सीता विवाह का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु आनंदित हो उठे। इस दौरान भजन गायक राजवीर सिंह ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस दौरान विपिन, सोनू चौधरी, नीटू सैनी, मोनू पाल, डॉ. नितिन पाल, सुनील डीलर, कपिल जोगी, नेपाल पाल आदि मौजूद रहे।

